ग्लास्गो, पांच अगस्त (एपी) स्कॉटलैंड पुलिस ने कहा है कि उसे ग्लास्गो में राष्ट्रमंडल खेलों के बाद कई खिलाड़ियों के लापता होने की रिपोर्ट मिली है।
युगांडा की खेल समाचार वेबसाइट एनबीएस स्पोर्ट के अनुसार देश की मुक्केबाजी टीम के चार सदस्य कथित तौर पर स्कॉटलैंड में लापता हो गए और मंगलवार को टीम की निर्धारित वापसी से पहले वे अपने बाकी दल के साथ नहीं लौटे।
पाकिस्तान टुडे अखबार ने भी पाकिस्तान टीम के एक मुक्केबाज के लापता होने की खबर दी है।
स्कॉटलैंड पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘पुलिस स्कॉटलैंड को कई ऐसे खिलाड़ियों के बारे में रिपोर्ट मिली है जिनका पता नहीं चल पा रहा है। परिस्थितियों का आकलन करने के लिए जांच जारी है और गृह मंत्रालय के साथ शुरुआती स्तर पर संपर्क किया जा रहा है।’’
अतीत में भी राष्ट्रमंडल खेलों के बाद खिलाड़ियों के शरण मांगने के मामले सामने आए हैं। इनमें 2018 में ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में हुए खेल और 2014 में ग्लास्गो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल शामिल हैं।
राष्ट्रमंडल खेलों के मुख्य कार्यकारी फिल बैटी ने कहा, ‘‘हमने 74 देशों के लगभग 3,000 खिलाड़ियों का शहर में स्वागत किया है। हमारा उद्देश्य सुरक्षित और व्यवस्थित खेलों का आयोजन करना है। इसके लिए हम पुलिस स्कॉटलैंड, सीमा बल और ब्रिटेन के वीजा एवं आव्रजन विभाग के साथ करीबी समन्वय में काम कर रहे हैं, जिससे कि सभी लोग नियमों के अनुसार पहुंचें और वापस जाएं।’’
एपी सुधीर आनन्द
आनन्द