चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल के पहले मैच से पहले सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया
चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल के पहले मैच से पहले सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया
बेंगलुरु, 27 मार्च (भाषा) मुख्य सचिव शालिनी रजनीश ने शुक्रवार को अधिकारियों और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की जिसमें एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच से पहले सुरक्षा और बचाव के इंतजामों का जायजा लिया गया।
आईपीएल कार्यक्रम के मुताबिक दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग का 19वां सत्र 28 मार्च से शुरू हो रहा है। इस टूर्नामेंट का पहला मैच यहीं खेला जाएगा जिसमें मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से होगा।
फिर पांच अप्रैल को आरसीबी का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से होगा।
एक बयान में बताया गया कि रजनीश को स्टेडियम के अंदर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, शहर की ट्रैफिक प्रणाली में किए गए बदलाव, पार्किंग के इंतजाम, पीने के पानी की सुविधा और क्रिकेट प्रशंसकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए अन्य जरूरी कदमों के बारे में जानकारी दी गई।
पिछले साल जून में आरसीबी की पहली आईपीएल खिताबी जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद यह पहला बड़ा मैच है।
रजनीश को मेट्रो में यात्रियों की संख्या, मेट्रो स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा और बचाव के अन्य उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे छोटी से छोटी घटना को भी होने से रोकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे टूर्नामेंट के आयोजन के लिए सरकार द्वारा तय की गई शर्तों और एहतियाती उपायों का सख्ती से पालन करें।
इसके अलावा रजनीश ने संबंधित अधिकारियों और संस्थाओं को निर्देश दिया कि वे पूरी तरह से सतर्क रहें और सुरक्षा उपायों में तालमेल बनाए रखने के लिए आपस में जरूरी जानकारी का नियमित रूप से आदान-प्रदान करते रहें।
भाषा नमिता
नमिता

Facebook


