चेन्नई, 16 मई (भाषा) वेलवन सेंथिलकुमार और जोशना चिनप्पा की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी ने अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए शनिवार को यहां तीसरी एचसीएल राष्ट्रीय युगल स्क्वाश चैंपियनशिप में मिश्रित युगल का खिताब जीता।
शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी ने फाइनल में अभय सिंह और रतिका सीलान की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी को 11-7, 11-9 से हराया।
सेंथिलकुमार और जोशना दोनों ने इससे पहले टूर्नामेंट में अपने-अपने साथियों के साथ क्रमशः पुरुष और महिला युगल खिताब भी जीते थे।
सेंथिलकुमार ने अभय के साथ मिलकर फाइनल में राहुल बैठा और सूरज कुमार चंद को 11-8, 11-5 से हराकर लगातार तीसरे वर्ष पुरुष युगल का खिताब अपने नाम किया।
महिला युगल के फाइनल में जोशना और रतिका ने जेनेट विधि और पूजा आरती को 11-8, 11-4 से हराया।
भाषा
पंत मोना
मोना