शमी और मोहसिन ने रॉयल्स को छह विकेट पर 159 रन पर रोका
शमी और मोहसिन ने रॉयल्स को छह विकेट पर 159 रन पर रोका
लखनऊ,22 अप्रैल (भाषा) मोहम्मद शमी और मोहसिन खान की अगुवाई में लखनऊ सुपर जायंट्स के भारतीय गेंदबाजों के आक्रमण ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में बुधवार को यहां राजस्थान रॉयल्स की मजबूत बल्लेबाजी को छह विकेट पर 159 रन पर रोक दिया।
यह लगातार तीसरा मैच है जब राजस्थान रॉयल्स का शीर्ष क्रम पूरी तरह विफल रहा है, जिससे टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही है।
अनुभवी गेंदबाज शमी (चार ओवर में 30 रन पर दो विकेट) एक बार फिर अपने कौशल के बूते सबसे अलग नजर आए, जबकि लंबे कद के मोहसिन (चार ओवर में 17 रन पर दो विकेट) बेहद अनुशासित रहे । उन्होंने शानदार स्विंग और उछाल भरी गेंदों से बल्लेबाजों को परेशान किया।
दोनों गेंदबाजों ने मिलकर राजस्थान के चार प्रमुख बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। शमी ने यशस्वी जायसवाल (22) और ध्रुव जुरेल (शून्य) को लगातार गेंदों पर आउट किया, जबकि मोहसिन ने वैभव सूर्यवंशी (11 गेंदों पर आठ रन) और शिमरॉन हेटमायर (18 गेंदों पर 22) को अलग-अलग स्पेल में आउट किया।
तेजी से उभरते प्रिंस यादव (चार ओवर में 29 रन पर दो विकेट) ने भी अपनी स्विंग गेंदों से आक्रमण को मजबूती दी जबकि लंबे समय के बाद वापसी कर रहे मयंक यादव (चार ओवर में बिना किसी सफलता के 56 रन) लय में नहीं दिखे और सबसे महंगे साबित हुए।
रॉयल्स के शीर्ष क्रम के चरमराने के बाद कप्तान रियान पराग एक बार फिर बल्ले से प्रभावित करने में नाकाम रहे। उनके लचर प्रदर्शन ने उनकी कप्तानी को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।
सुपर जायंट्स के गेंदबाजों ने बड़ी संख्या में डॉट गेंदें डालकर रॉयल्स को कम स्कोर पर रोक दिया। शमी (15 डॉट गेंदें) और मोहित (11 डॉट गेंदें) ने मिलकर 26 डॉट गेंदें फेंकी, वहीं प्रिंस यादव ने भी 13 डॉट गेंदों का शानदार योगदान दिया।
शमी ने यशस्वी जायसवाल को तेज बाउंसर पर फंसाया। जायसवाल ने अचानक उछाल लेने वाली गेंद पर हुक शॉट खेलने की कोशिश की और विकेटकीपर ऋषभ पंत ने एक हाथ से शानदार कैच लपक लिया। उन्होंने अगली गेंद पर जुरेल को चलता किया। इस बार फुल लेंथ की गेंद विकेट के सामने टप्पा खाने के बाद थोड़ी बाहर की ओर निकली और जुरेल के बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए पंत के दस्तानों में चली गई।
मोहसिन ने शानदार तरीके से सूर्यवंशी को फंसाया। उन्होंने लगातार पांच डॉट गेंदें डालने के बाद अंतिम गेंद पर 142 किमी/घंटा की तेज कटर डाली, जिस पर बल्लेबाज ने गलत टाइमिंग से शॉट खेला और गेंद बल्ले के ऊपरी किनारे से हवा में लहरा गई। दिग्वेश राठी ने उलटी दिशा में दौड़ते हुए शानदार कैच लपका।
रॉयल्स की पारी इसके बाद कभी भी गति नहीं पकड़ सकी। रियान पराग ने एक बार फिर दबाव में हेलीकॉप्टर शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन उनकी असफलता टीम पर भारी पड़ती रही।
अनुभवी रविंद्र जडेजा (29 गेंदों में नाबाद 43 रन) और युवा शुभम दुबे (11 गेंद में नाबाद 19 रन) ने 26 गेंद में 49 रन की अटूट साझेदारी कर टीम के स्कोर को 159 रन तक पहुंचाया। इस जोड़ी ने आखिरी ओवर में मयंक के खिलाफ 20 रन बटोरे।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर

Facebook


