स्पेन के कार्यवाहक प्रधानमंत्री ने विश्व कप चैंपियन टीम का स्वागत किया

Ads

स्पेन के कार्यवाहक प्रधानमंत्री ने विश्व कप चैंपियन टीम का स्वागत किया

  •  
  • Publish Date - August 22, 2023 / 10:41 PM IST,
    Updated On - August 22, 2023 / 10:41 PM IST

बार्सीलोना (स्पेन), 22 अगस्त (एपी) स्पेन के कार्यवाहक प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में देश की महिला विश्व कप चैंपियन टीम की प्रशंसा की और बाद में टीम की एक सदस्य को उसकी सहमति के बिना होठों पर चूमने के लिए स्पेनिश फुटबॉल महासंघ के प्रमुख की आलोचना की।

सांचेज ने कहा, ‘‘आपने कुछ बहुत महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जो लड़कियां आपको देखती हैं, वे फुटबॉल को एक ऐसी जगह के रूप में देखती हैं जहां वे एथलेटिक और व्यक्तिगत रूप से विकसित हो सकती हैं।’’

मैड्रिड में फुटबॉल टीम के साथ फोटो खिंचवाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘21वीं सदी सभी मोर्चों पर महिलाओं की सदी होगी, और पुरुषों तथा महिलाओं के बीच प्रभावी समानता की सदी होगी।’’

सांचेज ने कहा कि टीम की सदस्यों को रविवार को सिडनी में फाइनल में इंग्लैंड पर उनकी 1-0 की जीत के सम्मान में स्पेन के खेल उपलब्धि के स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा।

लैंगिक समानता और महिलाओं के अधिकार सांचेज की वामपंथी सरकार की आधारशिला रहे हैं लेकिन स्पेन की महिला विश्व कप की सफलता का फीका हुआ जब स्पेनिश फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष लुई रूबियालेस ने पदक वितरण समारोह के दौरान जेनी हर्मोसो के होठों को जबरन चूम लिया।

यह दावा करने के बाद कि जिन लोगों ने उनके चुंबन की आलोचना की, वे ‘बेवकूफ और मूर्ख लोग’ थे, रूबियालेस को सोमवार को माफी मांगने के लिए मजबूर होना पड़ा।

सांचेज ने मंगलवार को बाद में कहा, ‘‘हमने जो देखा वह अस्वीकार्य है। रूबियालेस द्वारा मांगी गई माफी पर्याप्त नहीं है, मैं उन्हें अनुचित कहूंगा, इसलिए हम सभी ने जो देखा उसे स्पष्ट करने के लिए उन्हें आगे कदम उठाना जारी रखना चाहिए।’’

एपी सुधीर आनन्द

आनन्द