नयी दिल्ली, 18 जुलाई (भाषा) खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने अगले महीने इंदिरा गांधी स्टेडियम पर होने वाली बीडब्ल्यूएफ विश्व चैम्पियनशिप के आधिकारिक शुभंकर ‘पीको’ का शनिवार को अनावरण किया ।
इस मौके पर भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के अध्यक्ष और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा भी मौजूद थे । मांडविया ने 17 से 23 अगस्त तक होने वाली विश्व चैम्पियनशिप का गीत भी लांच किया ।
इस गीत में भारत की पूरी 16 सदस्यीय टीम नजर आयेगी जिसमें दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधू, लक्ष्य सेन, सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी शामिल हैं ।
मांडविया ने इस मौके पर कहा ,‘‘ भारत में खेल संस्कृति का विकास हो रहा है और भारत खेलों का देश बनने की ओर अग्रसर है । हमारा लक्ष्य स्पष्ट है और रोडमैप भी तैयार है । हम 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी कर रहे हैं और 2036 ओलंपिक की मेजबानी के इच्छुक हैं ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ इसके पहले देश को खेलों के बेहतरीन मेजबान के तौर पर स्थापित करने के लिये यहां बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित किये जा रहे हैं । पिछले दो साल में भारत में 36 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित हुए और इस साल की अगली छमाही में हम नौ अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की मेजबानी करने जा रहे हैं ।’’
मांडविया ने कहा ,‘‘ अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की मेजबानी से हमारे खिलाड़ियों को अपने देश में खेलने का मौका तो मिलता ही है , साथ ही विश्व स्तरीय आयोजनों के मेजबान के तौर पर भारत की क्षमता का भी दुनिया को पता चलता है । भारत में 17 साल बाद हो रही बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप इस दिशा में बड़ा कदम है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य भारत को 2036 में दुनिया के दस खेल देशों और 2047 में आजादी की सौवीं वर्षगांठ पर शीर्ष पांच खेल देशों में शामिल करना है । सरकार की ओर से पूरी तैयारी है और रोडमैप के हिसाब से काम चल रहा है ।’’
भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित पीको की स्कर्ट शटलकॉक के जैसी बनाई गई है ।
विश्व चैम्पियनशिप के 30वें संस्करण में 50 से अधिक देशों के 400 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे । भारत की चुनौती की अगुवाई पांच बार की विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता सिंधू करेंगी जो छठी बार पोडियम पर रहने पर चैम्पियनशिप की सबसे कामयाब खिलाड़ी बन सकती है ।
विश्व चैम्पियनशिप के पूर्व पदक विजेता लक्ष्य सेन और पुरूष युगल सात्विक साइराज और चिराग भारत की चुनौती की अगुवाई करेंगे । टीम में आयुष शेट्टी, उन्नति हुड्डा, गायत्री गोपीचंद और त्रिसा जॉली जैसे प्रतिभाशाली युवा भी हैं ।
सरमा ने कहा ,‘‘ 17 साल बाद भारत में बीडब्ल्यूएफ विश्व चैम्पियनशिप की वापसी भारतीय बैडमिंटन के लिये बड़ा कदम है । हमारे पास विश्व स्तरीय चैम्पियनशिप की मेजबानी के साथ भारत के बैडमिंटन के सुनहरे सफर का जश्न मनाने और नयी पीढी को खेल से जोड़ने का भी मौका है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ पीको और आधिकारिक गीत इस सफर का पहला कदम है और मुझे यकीन है कि हमारे देश में बैडमिंटन पर यह चैम्पियनशिप अमिट छाप छोड़ेगी ।’’
भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक हरि रंजन राव , भारत के मुख्य बैडमिंटन कोच पुलेला गोपीचंद और बैडमिंटन जगत के आला अधिकारी इस मौके पर मौजूद थे ।
भाषा मोना नमिता
नमिता