ओलिवर कान का कहना है, वीएआर में सुधार की जरूरत

Ads

ओलिवर कान का कहना है, वीएआर में सुधार की जरूरत

  •  
  • Publish Date - July 18, 2026 / 06:06 PM IST,
    Updated On - July 18, 2026 / 06:06 PM IST

मुंबई, 18 जुलाई (भाषा) महान गोलकीपर ओलिवर कान का कहना है कि वीएआर (वीडियो असिस्टेंट रेफरी) का मौजूदा स्वरूप खेल में अधिक निष्पक्षता और स्पष्टता लाने के उद्देश्य से बनाया गया है लेकिन वह चाहते हैं कि यह प्रणाली और तेज हो।

कान ने कहा कि वीएआर को बेहतर बनाने के लिए मैदान पर मौजूद रेफरी को बार-बार स्क्रीन देखने के लिए जाने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। इसके बजाय वीडियो रूम में बैठे अधिकारियों को उनकी मदद करनी चाहिए।

जर्मनी के पूर्व गोलकीपर कान ने ‘जी5’ द्वारा आयोजित एक बातचीत में पत्रकारों से कहा, ‘‘जब मैं खेलता था, तब वीएआर नहीं था। कभी-कभी किस्मत आपके साथ होती है और कभी-कभी आपके खिलाफ। कुल मिलाकर आज के खेल में अधिक निष्पक्षता है और चीजें अधिक स्पष्ट हैं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे समझ नहीं आता कि रेफरी हमेशा दूसरी स्क्रीन पर क्यों जाता है क्योंकि स्क्रीन के सामने दो या तीन अधिकारी बैठे होते हैं और वे उसे बता सकते हैं कि ‘यह हुआ है’, जिसके बाद वह फैसला ले सकता है। ’’

कान ने कहा, ‘‘वह ऐसा क्यों करता है? मुझे समझ नहीं आता। क्योंकि अगर हम स्क्रीन के सामने बैठे उन तीन अधिकारियों पर भरोसा नहीं कर सकते, तो फिर मैं नहीं जानता कि क्या किया जाए। ’’

कान ने कहा कि प्रक्रिया में बदलाव करने से खेल की गति बढ़ेगी। उन्होंने कहा, ‘‘फैसले बहुत तेजी से लिए जा सकते हैं। मुझे लगता है कि भविष्य में इस प्रक्रिया में बदलाव हो सकता है। ’’

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द