नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) खेल मंत्रालय ने यहां के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम को स्पोर्ट्स सिटी में बदलने की अपनी योजना के तहत पहला कदम उठाया है और इसके लिए मंत्रालय ने एक ‘ट्रांजेक्शन एडवाइजर’ (लेन-देन सलाहकार) नियुक्त करने के लिए बोलियां आमंत्रित की हैं।
यह सलाहकार इस प्रतिष्ठित स्थल के ‘पुनर्विकास की प्रक्रिया का मार्गदर्शन’ करेगा जिसे अब तोड़कर नया बनाया जाना है।
मंत्रालय की योजना 102 एकड़ में फैले इस स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली एक स्पोर्ट्स सिटी के रूप में फिर से बनाने की है। इस स्पोर्ट्स सिटी में खेल की सभी प्रमुख विधाओं के लिए सुविधाएं होंगी और खिलाड़ियों के रहने के लिए आवास की व्यवस्था भी होगी।
पीटीआई को एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया, ‘‘ट्रांजेक्शन एडवाइजर की नियुक्ति के लिए आई बोलियां अगले दो हफ्तों में खोली जाएंगी। इस सलाहकार की भूमिका परियोजना के क्रियान्वयन के दौरान जोखिम मूल्यांकन और वित्तीय जांच-पड़ताल पर परामर्श सेवाएं प्रदान करके पूरी प्रक्रिया का मार्गदर्शन करना होगी।’’
भाषा सुधीर
सुधीर