महाराजा ट्रॉफी केएससीए टी20 नीलामी में नजरें नायर, अग्रवाल और पांडे पर

Ads

महाराजा ट्रॉफी केएससीए टी20 नीलामी में नजरें नायर, अग्रवाल और पांडे पर

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 07:32 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 07:32 PM IST

बेंगलुरु, चार जून (भाषा) करुण नायर, मयंक अग्रवाल और मनीष पांडे शुक्रवार को यहां होने वाली महाराजा ट्रॉफी केएससीए टी20 ट्रॉफी के पांचवें सत्र की खिलाड़ियों की नीलामी में आकर्षण का केंद्र होंगे।

नीलामी के जरिए 150 से अधिक खिलाड़ी चयन के लिए उपलब्ध होंगे। छह फ्रेंचाइजी 60 लाख रुपये के बजट के साथ अपनी टीम बनाने के लिए नीलामी में उतरेंगी।

नीलामी के जरिए टीम को कम से कम 16 और अधिक से अधिक 18 खिलाड़ी को खरीदने की स्वीकृति होगी। साथ ही दो खिलाड़ी अनिवार्य रूप से ‘कैचमेंट एरिया प्लेयर्स’ (फ्रेंचाइजी के अंतर्गत आने वाला क्षेत्र) में से होंगे।

आयोजकों ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया, ‘‘खिलाड़ियों को पांच पूल- ए, बी, सी, डी और ई में बांटा गया है जिनका आधार मूल्य क्रमश: दो लाख रुपये, एक लाख रुपये, 75 हजार रुपये, 50 हजार रुपये और 30 हजार रुपये है। फ्रेंचाइजर को पूल ए, बी और सी को मिलाकर कम से कम 12 खिलाड़ी चुनने होंगे।’’

पूल ए में भारत और इंडियन प्रीमियर लीग के नायर, अग्रवाल और पांडे जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। इसमें वैशाख विजयकुमार, आर स्मरण और यश राज पुंजा जैसे खिलाड़ियों को भी जगह मिली है।

भाषा सुधीर मोना

मोना