मैकाय (ऑस्ट्रेलिया), 22 अगस्त (एपी) मिचेल स्टार्क ने मैच की पहली ही गेंद पर बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज शादमान इस्लाम को आउट किया और फिर छह विकेट लिए जिससे आस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के पहले दिन शनिवार को यहां विकेटों के पतझड़ के बीच अपना पलड़ा भारी रखा।
बाद में शोरिफुल इस्लाम ने भी अपना जलवा दिखाया तथा छह विकेट लेकर स्टार्क की बराबरी की। पहले दिन कुल 18 विकेट गिरे।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और पहले टेस्ट मैच में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाले बांग्लादेश को केवल 64 रन पर ढेर कर दिया।
इसके बाद भी बल्लेबाजी करनी आसान नहीं रही क्योंकि आस्ट्रेलिया ने दिन का खेल समाप्त होने के समय 165 रन पर आठ विकेट गंवा दिए थे। इस तरह से उसने पहली पारी में बांग्लादेश पर 101 रन की बढ़त हासिल कर ली है।
शोरिफुल इस्लाम ने अभी तक 35 रन देकर छह विकेट लिए हैं। दिन का खेल समाप्त होने के समय कैमरन ग्रीन 51 और नाथन लियोन 10 रन पर खेल रहे थे।
इससे पहले स्टार्क ने 10 ओवर में 12 रन देकर छह विकेट लिए। उन्हें मैच की पहली गेंद पर ही सफलता मिली जब उनकी गेंद शादमान इस्लाम के बल्ले के बाहरी किनारे से लगकर गली में कैच में बदल गई। स्टार्क ने रिकॉर्ड चौथी बार मैच की पहली गेंद पर विकेट लिया। स्टार्क ने इसके बाद तंजीद हसन और कप्तान नजमुल हुसैन शंटो को आउट करके बांग्लादेश को मुश्किल में डाल दिया।
ग्रीन ने स्टार्क की गेंद पर मोमिनुल हक (09) का शानदार कैच लिया। मोमिनुल बांग्लादेश के पहले चार बल्लेबाजों में खाता खोलने वाले एकमात्र खिलाड़ी थे। स्टार्क ने लंच के बाद लिटन दास को एलबीडब्ल्यू आउट करके अपना पांचवां विकेट लिया।
बांग्लादेश का स्कोर ऑस्ट्रेलिया में पहले बल्लेबाजी करते हुए 1932 के बाद सबसे कम है। तब दक्षिण अफ्रीका की टीम 36 रन पर आउट हो गई थी।
बांग्लादेश की ओर से सर्वोच्च स्कोर 11वें नंबर के बल्लेबाज शोरिफुल इस्लाम (14) ने बनाया।
ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही तथा उसके शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाज मैट रेनशॉ (08), ट्रैविस हेड (22) और मार्नस लाबुशेन (04) देर तक नहीं टिक पाए। इससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 41 रन हो गया।
स्टीव स्मिथ (42) ने ग्रीन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 77 रन जोड़े। शोरिफुल इस्लाम ने स्मिथ को एलबीडब्ल्यू आउट करके यह साझेदारी तोड़ी जिससे आस्ट्रेलियाई पारी फिर से लड़खड़ा गई। ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट 30 रन के अंदर गंवाए।
एपी
पंत
पंत