विश्व कप में कामयाबी सामूहिक प्रयासों पर निर्भर : सरदार सिंह

विश्व कप में कामयाबी सामूहिक प्रयासों पर निर्भर : सरदार सिंह

विश्व कप में कामयाबी सामूहिक प्रयासों पर निर्भर : सरदार सिंह
Modified Date: July 16, 2026 / 04:57 pm IST
Published Date: July 16, 2026 4:57 pm IST

(हिमांक नेगी)

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) भारत के पूर्व कप्तान सरदार सिंह का मानना है कि राष्ट्रीय पुरूष हॉकी टीम ने सही समय पर आत्मविश्वास हासिल कर लिया है लेकिन अगले महीने होने वाले विश्व कप और एशियाई खेलों में सफलता व्यक्तिगत प्रदर्शन की बजाय सामूहिक प्रयासों पर निर्भर करेगी ।

नीदरलैंड और बेल्जियम में विश्व कप 15 से 30 अगस्त के बीच खेला जायेगा । भारतीय टीम ने पिछले साल निराशाजनक प्रदर्शन किया लेकिन हाल ही में एफआईएच प्रो लीग के यूरोप चरण में अच्छे नतीजे मिले ।

प्रो लीग के नीदरलैंड और लंदन चरण में भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया जिसमें उसने विश्व चैम्पियन जर्मनी और पेरिस ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीदरलैंड के अलावा चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराया ।

सरदार ने यहां ओरिएंटल कप फुटबॉल टूर्नामेंट से इतर पत्रकारों से कहा ,‘‘ हमने काफी सुधार किया है । पुरूष टीम ने प्रो लीग के हालिया मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया । इससे पहले कोचों के लिये कोर ग्रुप में शामिल सभी खिलाड़ियों को मौका देना अहम था ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ विश्व कप और एशियाई खेलों से पहले हर खिलाड़ी की क्षमता का आकलन करना जरूरी था ताकि सर्वश्रेष्ठ टीम चुन सके ।’’

भारत के लिये 300 से अधिक मैच, तीन ओलंपिक और तीन विश्व कप खेल चुके सरदार ने कहा कि विश्व कप में अच्छी शुरूआत जरूरी है लेकिन प्रदर्शन में निरंतरता भी बनाये रखनी होगी ।

उन्होंने कहा ,‘ आपको हर मैच में 80 . 90 प्रतिशत देना होगा । दो खिलाड़ियों के दम पर टूर्नामेंट नहीं जीत सकते । सभी खिलाड़ियों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा ।’’

भाषा

मोना नमिता

नमिता


लेखक के बारे में