बुकारेस्ट (रोमानिया) 15 मई (भाषा) भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंदा ने शानदार रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन करते हुए फॉर्म में चल रहे विश्व चैंपियनशिप चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव को सुपर चेस क्लासिक्स के दूसरे राउंड में मात दी।
काले मोहरों से खेलते हुए प्रज्ञानानंदा ने उस मुकाबले को अपने पक्ष में मोड़ दिया, जो शुरुआती और मध्य चरण में ड्रॉ की ओर जाता दिख रहा था। लगातार चालों के दोहराव के बीच संतुलन की स्थिति बनती दिख रही थी, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने जोखिम उठाते हुए मौके को भुना लिया।
अन्य मुकाबलों में अमेरिका के फैबियानो कारुआना और नीदरलैंड के अनीश गिरी के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। वेसली सो और जॉर्डन वैन फॉरेस्ट का मुकाबला भी ड्रॉ में समाप्त हुआ।
फ्रांस के मैक्सिम वाचिए-लाग्रेव ने अपने हमवतन अलीरेजा फिरोजा को हराकर दिन की दूसरी जीत दर्ज की। जर्मनी के विंसेंट कीमर ने भी रोमानिया के बोगदान-डैनियल डेअक को पराजित किया।
दूसरे दौर के बाद प्रज्ञानानंदा, कीमर और वाचिए-लाग्रेव 1.5 अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। कारुआना, वेसली सो, वैन फॉरेस्ट और गिरी के नाम एक-एक अंक है, जबकि फिरोजा, डेअक और सिंदारोव आधे अंक के साथ निचले पायदान पर हैं।
यह टूर्नामेंट नौ दौर का है, जिसमें 10 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं और कुल पुरस्कार राशि 3.5 लाख डॉलर है, जिसमें विजेता को एक लाख डॉलर दिए जाएंगे।
भाषा आनन्द
आनन्द