श्रीलंका अंडर-19 ने भारत अंडर-19 को एक विकेट से हराकर श्रृंखला 2-1 से जीती

Ads

श्रीलंका अंडर-19 ने भारत अंडर-19 को एक विकेट से हराकर श्रृंखला 2-1 से जीती

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 10:42 PM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 10:42 PM IST

हम्बनटोटा, नौ जुलाई (भाषा) वीके विनीत की शानदार 131 रनों की पारी के बावजूद श्रीलंका अंडर-19 टीम ने बृहस्पतिवार को यहां तीसरे और अंतिम युवा एकदिवसीय मैच में भारत अंडर-19 का आखिरी गेंद पर एक विकेट से हराकर श्रृंखला 3-1 से अपने नाम कर ली।

भारत ने पहला मैच चार विकेट से जीता था जबकि घरेलू टीम ने दूसरे मैच में आठ विकेट से जीत दर्ज की थी। दोनों टीमें अब 13 से 16 जुलाई तक गॉल में पहला युवा टेस्ट खेलेंगी।

बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर भारत ने आठ विकेट पर 290 रन बनाए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए विनीत ने 136 गेंद में 131 रन की शानदार पारी खेली जबकि लक्ष्य रायचंदानी ने 63 गेंद में 61 रन का योगदान दिया। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 19.3 ओवर में 108 रन जोड़े और टीम को 300 रन के स्कोर के करीब पहुंचाया।

विनीत ने अपनी पारी के दौरान 13 चौके और तीन छक्के लगाए जबकि रायचंदानी ने सात चौके जड़े।

श्रीलंका के लिए सेथमिका सेनेविरत्ने ने 10 ओवर में 41 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि गिम्हान मेंडिस ने दो विकेट लिए।

बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका का स्कोर 12वें ओवर में तीन विकेट पर 52 रन हो गया था लेकिन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए सेनूजा वेकुनागोडा ने एक छोर संभाले रखा और 59 गेंद में 10 चौके और एक छक्के से 67 रन की पारी खेली।

शाविन विनोद (41 रन पर तीन विकेट) ने 27वें ओवर में वेकुनागोडा को आउट किया जिसके बाद चमिका हीनातिगाला (68 गेंद में नाबाद 84 रन) ने श्रीलंका को 291 रन के लक्ष्य तक पहुंचाया।

श्रीलंका को आखिरी ओवर में जीत के लिए 11 रन की जरूरत थी और उनका सिर्फ एक विकेट बचा था। लेकिन हीनातिगाला ने मोहित उल्वा (2/66) की दूसरी गेंद पर चौका और फिर छक्का जड़ा। इसके बाद उन्होंने आखिरी गेंद पर एक रन लेकर श्रीलंका को रोमांचक जीत दिलाई।

भारत के लिए ऑफ स्पिनर अनमोलजीत सिंह ने 42 रन देकर चार विकेट चटकाए।

भाषा सुधीर

सुधीर