नयी दिल्ली/चेन्नई, तीन जून (भाषा) तमिलनाडु को भारत के प्रमुख खेल केंद्र के तौर पर स्थापित करने की कोशिश में राज्य सरकार ने औपचारिक रूप से 2029 के राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करने में बुधवार को अपनी दिलचस्पी जाहिर की और पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर खेल बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए केंद्र सरकार से मदद मांगी।
तमिलनाडु के लोक निर्माण, राजमार्ग और खेल विकास मंत्री आधव अर्जुन ने आज राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविय से मुलाकात की और इन योजनाओं की रूपरेखा वाला एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के निर्देशों पर सौंपे गए इन प्रस्तावों का मकसद खेलों के जरिए सामाजिक बदलाव लाना और भारत के वैश्विक खेल महाशक्ति बनने के लक्ष्य में योगदान देना है।
विज्ञप्ति के मुताबिक मांडविया ने तमिलनाडु सरकार की पहल की सराहना की और केंद्र सरकार की ओर से पूरे समर्थन और सहयोग का भरोसा दिलाया।
बड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में राज्य के बेहतरीन रिकॉर्ड की ओर इशारा करते हुए ज्ञापन में कई विशेष राष्ट्रीय केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव दिया गया है जिसमें 48 एकड़ में बनने वाली त्रिची ओलंपिक अकादमी के भीतर कॉम्बैट खेल के लिए ‘नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (एनसीओई) भी शामिल है।
भाषा सुधीर
सुधीर