लोकतंत्र को मजबूत करने, जनता का भरोसा बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है ऑडिट: उपराष्ट्रपति

Ads

लोकतंत्र को मजबूत करने, जनता का भरोसा बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है ऑडिट: उपराष्ट्रपति

  •  
  • Publish Date - June 3, 2026 / 08:03 PM IST,
    Updated On - June 3, 2026 / 08:03 PM IST

नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने बुधवार को कहा कि ऑडिट (अंकेक्षण) लोकतंत्र को मजबूत करने और नागरिकों को यह आश्वस्त करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है कि सार्वजनिक धन का उपयोग कानून, दक्षता और निष्पक्षता के अनुरूप जनहित में किया जा रहा है।

पूर्व नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) विनोद राय द्वारा संपादित पुस्तक ‘व्हेन ऑडिट मैटर्स : सीएजी इंटरवेंशंस दैट मेड ए डिफरेंस’ के विमोचन के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राधाकृष्णन ने कहा कि ऑडिट सरकारों को अपनी व्यवस्थाओं में सुधार करने, कमियों को दूर करने और बेहतर परिणाम हासिल करने में मदद करता है।

राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इससे सरकार और नागरिकों के बीच विश्वास मजबूत होता है।’’

उन्होंने कहा कि भारत में जवाबदेही, पारदर्शिता और नैतिकता के विकास का लंबा इतिहास रहा है। एक जिम्मेदार ऑडिट प्रणाली के लिए निरंतर सुधार और आवश्यक संसाधनों में निवेश जरूरी है।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि इसके लिए प्रशिक्षण, प्रौद्योगिकी उन्नयन, प्रदर्शन मूल्यांकन, डेटा विश्लेषण और क्षेत्र-विशेष की विशेषज्ञता जैसे उपाय आवश्यक हैं।

उन्होंने कहा कि ऑडिट की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए उन्हें भी शासन व्यवस्था के अन्य घटकों की तरह जवाबदेही के मानकों पर खरा उतरना होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘ऑडिट नेतृत्व को स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करते हुए नैतिकता और ईमानदारी को बढ़ावा देना चाहिए।’’

भाषा योगेश अजय

अजय