तमिलरनसन 400 मीटर बाधा दौड़ और कुशारे ऊंची कूद के क्वालीफिकेशन दौर से बाहर हुए

Ads

तमिलरनसन 400 मीटर बाधा दौड़ और कुशारे ऊंची कूद के क्वालीफिकेशन दौर से बाहर हुए

  •  
  • Publish Date - August 20, 2023 / 05:24 PM IST,
    Updated On - August 20, 2023 / 05:24 PM IST

 बुडापेस्ट, 20 अगस्त (भाषा) विश्व चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का निराशाजनक प्रदर्शन रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा जहां संतोष कुमार तमिलरनसन और सर्वेश अनिल कुशारे क्रमशः: 400 मीटर बाधा दौड़ हीट रेस और ऊंची कूद क्वालिफिकेशन चरण से आगे बढ़ने में नाकाम रहे।

तमिलारनसन 50.46 सेकेंड के समय के साथ हीट नंबर तीन में सातवें स्थान पर रहे। वह इस प्रदर्शन से सेमीफाइनल में जगह बनाने में असफल रहे। पांचों हीट में से प्रत्येक में शीर्ष चार स्थान पर रहने वाले एथलीट के अलावा अन्य चार सबसे तेज समय निकालने वाले खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

कुशारे तीन प्रयासों में 2.25 मीटर की बाधा को पार करने में विफल रहे। वह क्वालिफिकेशन चरण के ग्रुप बी में 11वें और कुल मिलाकर 20वें स्थान पर रहे। क्वालीफिकेशन दौर में ग्रुप ए और ग्रुप बी से 2.30 मीटर की बाधा पार करने वाले या 12 सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने खिलाड़ी फाइनल के लिए क्वालीफाई करते हैं।

भारतीय खिलाड़ियों ने शनिवार को भी लचर प्रदर्शन किया था। राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी अविनाश साबले अपनी हीट में निराशाजनक सातवें स्थान पर रहकर 3000 मीटर स्टीपलचेस स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में विफल रहे थे।

भारत के तीन खिलाड़ियों ने पुरुषों की 20 किमी पैदल चाल में भी निराश किया जबकि युवा शैली सिंह महिलाओं की लंबी कूद के फाइनल में पहुंचने में नाकाम रही।

अजय कुमार सरोज ने पुरुषों की 1500 मीटर हीट में तीन मिनट 38.24 सेकंड का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, लेकिन यह सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने के लिए पर्याप्त नहीं था।

  पुरुषों की त्रिकूद स्पर्धा में तीन भारतीय खिलाड़ियों ने निराश किया। प्रवीण चित्रावल, एल्डोज पॉल और अब्दुल्ला अबूबकर में से कोई भी नहीं फाइनल में जगह नहीं बना सका।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता