माले (मालदीव), 22 अगस्त (भाषा) हरीश मुथु को यहां एशियाई सर्फिंग चैंपियनशिप के पुरुष ओपन वर्ग के क्वार्टर फाइनल में तीसरे स्थान पर रहकर निराशा का सामना करना पड़ा जबकि किशोर कुमार ने अंडर-18 वर्ग में अंतिम आठ चरण के लिए क्वालीफाई किया।
मुथु और किशोर दोनों प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल चरण में पहुंचने वाले पहले भारतीय हैं जो 2026 एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाइंग स्पर्धा है।
यहां थुलुस्धू में आयोजित प्रतियोगिता के चार श्रेणियों में आठ भारतीय सर्फर प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।
तमिलनाडु के हरीश को क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया की जोई सतरियावान और जापान के काइसेई अडाची से कड़ी टक्कर मिली। इन दोनों ने क्रमश: पहले और दूसरे स्थान स्थान के साथ सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया जबकि हरीश खिताबी दौड़ से बाहर हो गये।
किशोर के सामने शुक्रवार को खेले जाने वाले क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपी के जॉन चैन और मालदीव के सैय्यद सलाहुद्दीन की चुनौती होगी।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता