नाटिंघम, 29 जून (एपी) न्यूजीलैंड ने तीसरा टेस्ट 160 रन से जीतकर इंग्लैंड में चौथी बार टेस्ट श्रृंखला अपने नाम की और इसके साथ ही मेजबान कप्तान बेन स्टोक्स की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदाई को भी यादगार नहीं बनाने दिया ।
जीत के लिये 373 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट पर 103 रन से आगे खेल रही इंग्लैंड की टीम पांचवें दिन लंच के बाद 212 रन पर आउट हो गई । न्यूजीलैंड ने श्रृंखला 2 . 1 से जीती ।
इससे पहले इंग्लैंड में न्यूजीलैंड ने 1986, 1999 और 2021 में टेस्ट श्रृंखला जीती थी ।
स्टोक्स ने रविवार को घोषणा की थी कि इंग्लैंड के कप्तान के रूप में यह उनका आखिरी टेस्ट होगा और वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से भी विदा ले रहे हैं । टेस्ट के पांचवें दिन उनकी कोई भूमिका नहीं रही क्योंकि वह रविवार को ही 30 के स्कोर पर आउट हो गए थे ।
स्टोक्स ने मैच के बाद कहा ,‘‘ जीत के साथ विदा लेना अच्छा होता लेकिन यह परफेक्ट दुनिया में होता है और यह दुनिया परफेक्ट नहीं है ।’’
पिछले 14 साल में तीन या अधिक टेस्ट की श्रृंखला में इंग्लैंड पहली बार अपनी धरती पर हारा है । इंग्लैंड पिछले नौ में से सात टेस्ट हार चुका है ।
आखिरी दिन इंग्लैंड की उम्मीदें जो रूट और एमिलियो गे पर टिकी थी लेकिन दोनों चौथे ओवर में आउट हो गए ।
मैदान पर बाउंड्री बोर्ड पर संदेश लगातार चल रहा था ,‘‘ थैंक यू बेन स्टोक्स ।’’
जैमी स्मिथ और गस एटकिंसन ने सातवें विकेट के लिये 75 रन जोड़े । एटकिंसन 19 रन बनाकर स्पिनर मिचेल सेंटनेर की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए ।
एपी मोना
मोना