उम्मीद जीवंत रखने की कोशिश करेगा नीदरलैंड, अमेरिका को करनी होगी वापसी

Ads

उम्मीद जीवंत रखने की कोशिश करेगा नीदरलैंड, अमेरिका को करनी होगी वापसी

  •  
  • Publish Date - February 12, 2026 / 12:07 PM IST,
    Updated On - February 12, 2026 / 12:07 PM IST

चेन्नई, 12 फरवरी (भाषा) पिछले मैच में जीत हासिल करके वापसी करने वाले नीदरलैंड को शुक्रवार को यहां टी20 विश्व कप के ग्रुप ए के मैच में अमेरिका के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए आक्रामक बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी करनी होगी जो सुपर आठ में पहुंचने की उसकी उम्मीदों को जीवित रखने के लिए जरूरी है।

नीदरलैंड को टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में पाकिस्तान से मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा था लेकिन इसके बाद उसने अपने अगले मैच में नामीबिया को हराकर शानदार वापसी की। नीदरलैंड ने 157 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दो ओवर शेष रहते सात विकेट से जीत हासिल की।

ऑलराउंडर बास डी लीडे उसके अभियान में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने नामीबिया के खिलाफ 150 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 72 रन बनाकर लक्ष्य का पीछा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और बीच के ओवरों में कप्तान गेरहार्ड इरास्मस समेत दो अहम विकेट भी लिए।

नीदरलैंड की टीम के पास शीर्ष क्रम में विस्फोटक बल्लेबाज हैं लेकिन उसके मध्य और निचले क्रम के बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करने की जरूरत है।

पाकिस्तान के खिलाफ उसकी यह कमजोरी खुलकर सामने आई क्योंकि एक समय उसका स्कोर चार विकेट पर 123 रन था लेकिन उसकी पूरी टीम 147 रन पर आउट हो गई। उसने अपने आखिरी छह विकेट सिर्फ 24 रन पर गंवा दिए।

अपनी ऊंची बैक-लिफ्ट और पावर-हिटिंग के लिए जाने जाने वाले मैक्स ओडॉउड का प्रदर्शन अब तक कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने पाकिस्तान और नामीबिया के खिलाफ क्रमशः पांच और सात रन बनाए। वह अपनी पुरानी लय को फिर से हासिल करने के लिए उत्सुक होंगे।

अपना सातवां टी20 विश्व कप खेल रही नीदरलैंड की टीम एक मजबूत टीम के रूप में उभर चुकी है और वह अपनी गेंदबाजी पर भरोसा करेगी ताकि अमेरिकी टीम को कड़ी टक्कर दे सके, जो इस टूर्नामेंट में अभी अपनी पहली जीत की तलाश में है।

अमेरिका ने गेंदबाजी में तो अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन बल्लेबाजी में वे लड़खड़ा गए और खराब फील्डिंग ने भी उन्हें नुकसान पहुंचाया।

अमेरिका के गेंदबाजों में शैडली वैन शालविक ने पावरप्ले में शानदार प्रदर्शन किया है, वहीं लेग स्पिनर मोहम्मद मोहसिन ने बाएं हाथ के स्पिनर हरमीत सिंह के साथ मिलकर बीच के ओवरों में दबाव बनाने में प्रभावशाली भूमिका निभाई है।

गेंदबाजी अमेरिका की ताकत रही है, लेकिन उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। कप्तान मोनांक पटेल भारत के खिलाफ खाता भी नहीं खोल पाए जबकि पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने तीन रन बनाए। एक अन्य बल्लेबाज एंड्रीज गौस ने क्रमशः छह और 13 रन बनाए हैं।

दो साल पहले टी20 विश्व कप में गौस का प्रदर्शन शानदार रहा था और उन्होंने आईएलटी20 का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी बनाया था। गौस ने डेजर्ट वाइपर्स के लिए नाबाद 120 रन नाबाद बनाए थे और उनकी फॉर्म में वापसी अमेरिका के लिए काफी महत्वपूर्ण होगी।

टीम इस प्रकार हैं:

नीदरलैंड: स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान), कॉलिन एकरमैन, नोआ क्रोज़, बास डी लीडे, आर्यन दत्त, फ्रेड क्लासेन, काइल क्लेन, माइकल लेविट, ज़ैक लायन-कैशेट, मैक्स ओडॉउड, लोगान वैन बीक, टिम वैन डेर गुगटेन, रूलोफ वैन डेर मेरवे, पॉल वैन मीकेरेन और साकिब जुल्फिकार।

अमेरिका: मोनांक पटेल (कप्तान), जेसी सिंह, एंड्रीज़ गौस, शेहान जयसूर्या, मिलिंद कुमार, शयान जहांगीर, सैतेजा मुक्कमाला, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, नोस्टुश केनजिगे, शैडली वान शालविक, सौरभ नेत्रवलकर, अली खान, मोहम्मद मोहसिन और शुभम रंजने।

मैच शुरू होने का समय: शाम सात बजे (भारतीय समयानुसार)।

भाषा

पंत

पंत