दूसरे गेम के दौरान खिंचाव आ गया था: प्रणय

Ads

दूसरे गेम के दौरान खिंचाव आ गया था: प्रणय

  •  
  • Publish Date - January 20, 2024 / 11:30 PM IST,
    Updated On - January 20, 2024 / 11:30 PM IST

नयी दिल्ली, 20 जनवरी (भाषा) भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी एचएस प्रणय ने शनिवार को यहां इंडिया ओपन के पुरुष एकल सेमीफाइनल में चीन के शी युकी के खिलाफ हार के बाद कहा कि दूसरे गेम में उनकी मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था जिसका उनके खेल पर असर पड़ा।

छठे वरीय शी युकी ने आठवें वरीय प्रणय को 42 मिनट में 21-15, 21-5 से हराया। दूसरे गेम में युकी के दबदबे का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अंतिम 17 में से 15 अंक अपने नाम किए।

प्रणय ने मैच के बाद कहा, ‘‘मुझे लगता है कि पहला गेम काफी संतुलित था लेकिन मैंने उस प्रक्रिया में दो या तीन अंक और दे दिए। इसके अलावा दूसरे गेम में कुछ हल्का खिंचाव आ गया और मैं अच्छी तरह मूव नहीं कर पा रहा था इसलिए पूरा जोर नहीं लगा पाया।’’

शी युकी की सराहना करते हुए प्रणय ने कहा, ‘‘शी युकी को पूरा श्रेय जाता है। वह स्तरीय खिलाड़ी है और कोर्ट में पीछे से खेलने के लिए उसके पास काफी शॉट हैं और उसके शॉट काफी तेज भी आते हैं।’’

प्रणय को सेमीफाइनल में जगह बनाने की खुशी है लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि टूर्नामेंट जीतने के लिए उन्हें काफी काम करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि मैं सेमीफाइनल तक पहुंच सका लेकिन मुझे टूर्नामेंट जीतने के लिए निश्चित रूप से लंबा रास्ता तय करना है। बहुत सारा काम है जिसे करने की जरूरत है।’’

भाषा सुधीर

सुधीर