टाइटन्स का ध्यान शीर्ष दो में जगह बनाने पर है, ना कि नेट रन रेट पर: सुदर्शन

Ads

टाइटन्स का ध्यान शीर्ष दो में जगह बनाने पर है, ना कि नेट रन रेट पर: सुदर्शन

  •  
  • Publish Date - May 20, 2026 / 08:35 PM IST,
    Updated On - May 20, 2026 / 08:35 PM IST

अहमदाबाद, 20 मई (भाषा) गुजरात टाइटन्स को भले ही खेलने के पारंपरिक तरीके के कारण आलोचना का सामना करना पड़ा हो लेकिन टीम के सलामी बल्लेबाज बी साई सुदर्शन ने कहा कि बृहस्पतिवार को यहां होने वाले अपने आखिरी आईपीएल लीग मैच में उनका ध्यान नेट रन रेट की चिंता करने के बजाय शीर्ष दो में जगह पक्की करने पर है।

टाइटन्स की टीम पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुकी है और अभी अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है लेकिन पहले ही बाहर हो चुके चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ जीत से शीर्ष दो में जगह बनाने की उनकी संभावनाएं काफी मजबूत हो जाएंगी जिससे उन्हें फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलेंगे।

सुदर्शन ने मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘सबसे पहली और जरूरी बात है कि हमें अच्छा क्रिकेट खेलना है और कल जीत हासिल करनी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम अभी ऐसी स्थिति में नहीं हैं कि बहुत बड़े अंतर से जीतने या बहुत बड़ी जीत हासिल करने के बारे में सोचें। यहां बात फिर से वही सही काम करने की है जो हम अब तक करते आए हैं और जीत हासिल करने की है।’’

सुदर्शन ने कहा, ‘‘अगर हम उस स्थिति में होते हैं तो हां, अन्य टीम की तरह हम भी चाहेंगे कि इसे जितना हो सके उतनी आसानी से खत्म करें या खुद को शीर्ष दो में जगह बनाने का सबसे अच्छा मौका दें।’’

भाषा सुधीर नमिता

नमिता