इंफाल, नौ अगस्त (भाषा) अफरीदी बुयामायुम के दो शानदार गोल की बदौलत टीआरएयू एफसी ने रविवार को डूरंड कप के ग्रुप-डी के अपने अंतिम मुकाबले में भारतीय नौसेना एफटी को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराया।
बुयामायुम ने दूसरे हाफ में बेहद शानदार गोल दागकर अपनी टीम की जीत पक्की की।
मैच के अधिकांश हिस्से में भारतीय नौसेना का दबदबा रहा और उसने ट्रीआरएयू के गोल पोस्ट के पास लगातार दबाव बनाये रखा। भारतीय नौसेना ने गोल के लिए कुल 26 प्रयास किए, लेकिन टीआरएयू एफसी ने सीमित मौकों को भुनाते हुए जीत दर्ज की।
मणिपुर की टीम के लिए बुयामायुम ने 16वें और 60वें मिनट में गोल किए, जबकि गोलकीपर ताजुद्दीन ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कई मौकों पर टीम को संकट से उबारा।
भारतीय नौसेना के लिए 46वें मिनट में खुल्लकपम जहीर खान ने गोल किया।
इस जीत के साथ टीआरएयू एफसी तीन मैचों में चार अंक लेकर ग्रुप-डी में दूसरे स्थान पर रहा। भारतीय नौसेना ने भी तीन मैचों में तीन अंक के साथ अपना ग्रुप चरण अभियान समाप्त किया। दोनों टीमें क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं।
इस नतीजे के साथ डूरंड कप में पहली बार हिस्सा ले रहे एफसी रेंगदाई ने ग्रुप-डी का शीर्ष स्थान हासिल कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
भाषा
आनन्द नमिता
नमिता