नयी दिल्ली, 29 अगस्त (भाषा) भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) और असम खेल प्राधिकरण (एसएए) ने शनिवार को क्षेत्र में खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए।
समझौते के तहत अमीनगांव खेल परिसर में स्थित ओलंपिक आकार के तैराकी पूल को तैराकी का राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) स्थापित करने के उद्देश्य से साई को उपलब्ध कराया जाएगा।
यह पहल पूर्वोत्तर क्षेत्र में तैराकी के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है क्योंकि यह केंद्र इस क्षेत्र का तैराकी के लिए पहला राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र होगा।
इस केंद्र से खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं और पेशेवर सहयोग मिलने की उम्मीद है। साथ ही असम और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों से तैराकी प्रतिभाओं की पहचान, उन्हें तैयार करने और उनके विकास में भी मदद मिलेगी।
इस कार्यक्रम की मेजबानी असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने की। इस मौके पर राज्य की खेल मंत्री बिजुली कलिता मेधी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द