टकर के नाबाद 94 रन से आयरलैंड के पांच विकेट पर 235 रन

टकर के नाबाद 94 रन से आयरलैंड के पांच विकेट पर 235 रन

टकर के नाबाद 94 रन से आयरलैंड के पांच विकेट पर 235 रन
Modified Date: February 14, 2026 / 01:15 pm IST
Published Date: February 14, 2026 1:15 pm IST

कोलंबो, 14 फरवरी (भाषा) बायें हाथ के स्पिनर शकील अहमद ने तीन विकेट चटकाये लेकिन कप्तान लोरकान टकर के 51 गेंद में 94 रन की मदद से आयरलैंड ने टी20 विश्व कप के मैच में शनिवार को ओमान के खिलाफ पांच विकेट पर 235 रन बनाये ।

पहले गेंदबाजी चुनते हुए ओमान ने पावरप्ले के छह में से पांच ओवर स्पिनरों से कराये । इसका फायदा भी मिला जब 38 वर्ष के शकील ने तीन ओवरों में तीन विकेट लेकर आयरलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 47 रन कर दिया ।

उन्होंने पहले ओवर में टिम टेक्टर को आउट किया जिसके बाद रोस एडेयर का विकेट लिया । एडेयर ने शाह फैसल को तीन चौके लगाकर अच्छी शुरूआत की थी लेकिन टिक नहीं सके । पांचवें ओवर में शकील ने हैरी टेक्टर को भी पवेलियन भेजा ।

टूर्नामेंट में सबसे उम्रदराज खिलाड़ी 44 वर्ष के अनुभवी आमिर कलीम ने कुर्टिस कैम्फर का विकेट लिया ।

इसके बाद हालांकि टकर ने एक छोर संभालकर आयरलैंड की पारी को संभाला । आयरलैंड के कप्तान ने अपनी पारी में दस चौके और चार छक्के लगाये ।

उन्होंने जेरेथ डेलानी (56) के साथ 56 गेंद में 101 रन की साझेदारी की । इसके बाद जॉर्ज डॉकरेल (35) के साथ 19 गेंद में 70 रन जोड़े । डॉकरेल ने नौ गेंद की पारी में पांच छक्के जड़े ।

आयरलैंड ने आखिरी चार ओवरों में 86 रन बनाये ।

टकर को पारी की शुरूआत में जीवनदान मिला था जिसका पूरा फायदा उठाते हुए उन्होंने कलीम को चौका लगाकर 35 गेंद में अर्धशतक पूरा किया । डेलानी ने 15वें ओवर में जितेन रामानंदी को दो छक्के लगाकर 18 रन निकाले । उन्होंने 28 गेंद में अर्धशतक पूरा किया लेकिन 17वें ओवर में शाह फैसल का शिकार हुए ।

टकर ने मोहम्मद नदीम को तीन छक्के और दो चौके लगाकर एक ओवर में 26 रन निकाले । पारी के 19वें ओवर में डॉकरेल ने दो छक्के लगाकर 21 रन बनाये । उन्होंने आखिरी तीन गेंदों पर भी छक्के लगाकर टीम को इस टूर्नामेंट के सबसे बड़े स्कोर तक पहुंचाया ।

भाषा मोना

मोना


लेखक के बारे में