अंडर-18 महिला एशिया कप: नौशीन के दो गोल से भारत ने मलेशिया को हराया

अंडर-18 महिला एशिया कप: नौशीन के दो गोल से भारत ने मलेशिया को हराया

अंडर-18 महिला एशिया कप: नौशीन के दो गोल से भारत ने मलेशिया को हराया
Modified Date: May 30, 2026 / 12:30 pm IST
Published Date: May 30, 2026 12:30 pm IST

काकामिगहारा (जापान), 30 मई (भाषा) पंद्रह साल की नौशीन नाज की दो गोल की मदद से भारत ने शनिवार को यहां अंडर-18 महिला एशिया कप हॉकी चैंपियनशिप के पूल ए के एक मैच में मलेशिया को 2-1 से हराकर विजयी शुरुआत की।

मैच के पहले क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ, लेकिन नौशीन ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर 19वें मिनट में भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।

नौशीन ने इसके बाद 28वें मिनट में एक और शानदार गोल दागा। उन्होंने मलेशिया की गोलकीपर को चकमा देते हुए सटीक शॉट लगाया और भारत की बढ़त को 2-0 कर दिया जिससे मध्यांतर तक भारत मजबूत स्थिति में रहा।

तीसरे क्वार्टर में मलेशिया ने वापसी की कोशिश की और 41वें मिनट में नूर अजली ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया।

इस गोल से मुकाबला रोचक होने के बाद भारतीय रक्षापंक्ति ने चौथे क्वार्टर में मजबूती दिखाते हुए विपक्षी टीम को कोई और सफलता नहीं लेने दी और बढ़त को बरकरार रखा।

पूरे मैच के दौरान भारत ने कई आक्रामक मौके बनाए और कुल 16 पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन टीम केवल दो को ही गोल में बदल सकी।

दो गोल करने वाली नौशीन नाज़ को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

इस जीत के साथ भारत पूल ए में कोरिया के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। दोनों टीमों के तीन-तीन अंक हैं, लेकिन गोल अंतर के आधार पर कोरिया आगे है।

भारत अपना अगला पूल मुकाबला रविवार को कोरिया के खिलाफ खेलेगा, जो शीर्ष स्थान के लिए अहम मुकाबला होगा।

भाषा आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में