भरत की अगुआई में डीएसजेए टेबल टेनिस में दो स्पर्धाओं में उप विजेता रहा

भरत की अगुआई में डीएसजेए टेबल टेनिस में दो स्पर्धाओं में उप विजेता रहा

भरत की अगुआई में डीएसजेए टेबल टेनिस में दो स्पर्धाओं में उप विजेता रहा
Modified Date: March 16, 2026 / 07:49 pm IST
Published Date: March 16, 2026 7:49 pm IST

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) भरत शर्मा की अगुआई में दिल्ली खेल पत्रकार संघ (डीएसजेए) सोमवार को यहां भारतीय खेल पत्रकार महासंघ (एसजेएफआई) के राष्ट्रीय सम्मेलन में टेबल टेनिस प्रतियोगिता में दो स्पर्धाओं में उप विजेता रहा।

भरत शर्मा, कुशान सरकार और नौरिस प्रीतम की मौजूदगी वाले डीएसजेए-1 को रोशनारा क्लब में एसी बाली टेबल टेनिस टूर्नामेंट के टीम चैंपियनशिप फाइनल में मुंबई खेल पत्रकार संघ -1 (एसजेएएम-1) के खिलाफ शिकस्त का सामना करना पड़ा जिसका प्रतिनिधित्व अमोल करहदकर और अश्विन फेरो कर रहे थे।

पुरुष युगल में भी भरत और कुशान की जोड़ी को फाइनल में मुंबई की अमोल और अश्विन की जोड़ी के खिलाफ हार झेलनी पड़ी।

अमोल ने व्यक्तिगत वर्ग में भी तमिलनाडु खेल पत्रकार संघ के कीर्ति को हराकर पुरुष एकल खिताब जीता।

इस बीच उत्तर क्षेत्र ने रोशनारा क्रिकेट मैदान पर पूर्व क्षेत्र पर जबरदस्त जीत दर्ज करके जेके बोस अंतर क्षेत्रीय टी20 क्रिकेट ट्रॉफी जीत ली।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पूर्व क्षेत्र ने 20 ओवर में छह विकेट पर 135 रन बनाए जिसमें प्रणव शील ने 23 गेंद पर नाबाद 47 रन बनाए और कप्तान अभिषेक 39 रन बनाकर नाबाद रहे।

उत्तर क्षेत्र ने इसके जवाब में 9.5 ओवर में बिना किसी नुकसान के 136 रन बनाकर 10 विकेट से जीत दर्ज की। ऋषभ सिंह ने 40 गेंद पर नाबाद 87 रन बनाए जबकि कप्तान आकाश रावल 31 रन बनाकर नाबाद रहे।

ऋषभ 289 रन बनाकर टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर रहे।

एक अन्य मैच में पश्चिम क्षेत्र ने दिल्ली पुलिस मैदान पर दक्षिण क्षेत्र को 10 विकेट से हराया। दक्षिण क्षेत्र की टीम 18.5 ओवर में 97 रन पर आउट हो गई जिसमें वीएल शशांक ने 34 रन बनाए।

पश्चिम क्षेत्र की ओर से दीप सुधाकर ने 13 रन पर चार जबकि तौस रिजवी 13 रन पर तीन विकेट चटकाए।

पश्चिम क्षेत्र ने इसके बाद 13 ओवर में बिना किसी नुकसान के 98 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। तौस रिजवी ने नाबाद 53 और देवेंद्र पांडे ने नाबाद 36 रन बनाए।

बास्केटबॉल प्रतियोगिता में बेंगलुरु चैंपियन बना जबकि इंदौर उप विजेता रहा। फुटसाल (फ्रीकिक) में मुंबई खेल पत्रकार संघ -2 (एसजेएएम-2) चैंपियन बना और मुंबई खेल पत्रकार संघ-1 (एसजेएएम-1) उप विजेता रहा।

ये खेल प्रतियोगिताएं नयी दिल्ली में एसजेएफआई राष्ट्रीय सम्मेलन के स्वर्ण जयंती जश्न के तौर पर हुई जिसकी डीएसजेए ने मेजबानी की।

भाषा

सुधीर पंत

पंत


लेखक के बारे में