नयी दिल्ली, चार अप्रैल (भाषा) मुकेश कुमार और कप्तान अक्षर पटेल की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से दिल्ली कैपिटल्स ने सूर्यकुमार यादव की 51 रन की पारी के बावजूद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में शनिवार को यहां मुंबई इंडियंस को छह विकेट पर 162 रन पर रोक दिया।
नियमित कप्तान हार्दिक पंड्या के अस्वस्थ होने के कारण टीम का नेतृत्व कर रहे सूर्यकुमार ने 36 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। उन्होंने रोहित शर्मा (35) के साथ तीसरे विकेट के लिए 53 और नमन धीर (28) के साथ पांचवें विकेट के लिए 37 रन की अहम साझेदारी की।
रोहित ने 26 गेंदों की पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया, तो वहीं नमन ने 21 गेंदों की पारी में दो चौके और एक छक्का जड़ा।
मुकेश कुमार ने तीन ओवर में 26 रन देकर दो विकेट लिये। उन्हें अक्षर (22 रन पर एक विकेट), लुंगी एनगिडी (34 रन पर एक विकेट), विपराज निगम (24 रन पर एक विकेट) और टी. नटराजन (24 रन पर एक विकेट) का अच्छा साथ मिला।
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर रयान रिकेल्टन (नौ) ने मुकेश का स्वागत चौके से किया, जबकि दूसरे ओवर में रोहित के स्ट्राइक पर आते ही मैदान में रोहित-रोहित के नारे गूंजने लगे। भारतीय टीम के इस पूर्व कप्तान ने लुंगी एनगिडी के खिलाफ शुरुआती तीन गेंदों में चौके लगाकर दर्शकों के जोश को बढ़ा दिया।
मुकेश ने हालांकि अपने अगले ओवर में दो विकेट झटककर दिल्ली को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने शानदार लय में चल रहे रिकेल्टन को पवेलियन भेजने के बाद अपनी ही गेंद पर तिलक वर्मा (शून्य) का शानदार कैच लपका।
सूर्यकुमार ने पहली गेंद पर ही चौके से खाता खोला, लेकिन दिल्ली के गेंदबाज इसके बाद रनगति पर अंकुश लगाने में सफल रहे।
रोहित ने छठे ओवर में एनगिडी की गेंद पर कवर क्षेत्र में शानदार चौका लगाया, जिससे पावरप्ले में टीम का स्कोर दो विकेट पर 41 रन हो गया।
रोहित ने निगम के खिलाफ, तो वहीं सूर्यकुमार ने अक्षर के खिलाफ छक्के लगाकर रनगति बढ़ाने की कोशिश की। रोहित एक और करारा प्रहार करने की कोशिश में अक्षर की गेंद पर कवर क्षेत्र में नीतिश राणा द्वारा शानदार तरीके से लपके गए। अक्षर ने आईपीएल में रोहित के खिलाफ अपने रिकॉर्ड को मजबूत करते हुए 11 पारियों में उन्हें चौथी बार आउट किया।
दूसरे छोर से निगम ने शेरफेन रदरफोर्ड (पांच) को खतरनाक होने से पहले ही पवेलियन की राह दिखा दी।
क्रीज पर आए नमन ने नटराजन के खिलाफ चौके से हाथ खोला, तो वहीं सूर्यकुमार के एक रन से 14 ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा हुआ।
सूर्यकुमार और नमन ने कुलदीप के खिलाफ एक-एक छक्का लगाया, जिससे 15वें ओवर में मुंबई ने 17 रन बटोरे। सूर्यकुमार यादव ने एनगिडी के खिलाफ दो रन चुराकर अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन अगली गेंद पर पगबाधा हो गए।
मिचेल सैंटनर (नाबाद 18) और नमन ने नटराजन के खिलाफ चौके जड़े, लेकिन टीम रन गति को बढ़ाने के लिए संघर्ष करती रही।
कोर्बिन बोश (नाबाद 11) ने अंतिम ओवर में मुकेश के खिलाफ आखिरी दो गेंदों पर चौके जड़कर टीम को 160 रन के पार पहुंचाया।
भाषा
आनन्द नमिता
नमिता
नमिता