अमेरिका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर नॉकआउट में जगह बनाई
अमेरिका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर नॉकआउट में जगह बनाई
सिएटल, 20 जून (एपी) अपने स्टार स्ट्राइकर क्रिश्चियन पुलिसिच के बिना खेल रही अमेरिका की टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से हराकर विश्व कप फुटबॉल के नॉकआउट दौर में प्रवेश कर लिया।
यह पहला अवसर है जबकि अमेरिकी टीम ने पहले दो मैचों के बाद ही नॉकआउट राउंड में जगह बना ली। पिछली बार जब अमेरिका ने 1994 में विश्व कप की मेजबानी की थी, तब वह तीसरे स्थान की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक होने के कारण क्वालीफाई कर गया था। तब वह अंतिम 16 में ब्राजील से हार गया था।
एसी मिलान के लिए खेलने वाले और 87 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 33 गोल कर चुके पुलिसिच पिंडली की चोट के कारण शुक्रवार के मैच में नहीं खेल पाए।
अमेरिका की पराग्वे के खिलाफ पहले मैच में 4-1 की जीत में दो गोल करने वाले फोलारिन बालोगुन ने कहा, ‘‘ पुलिसिच शानदार खिलाड़ी है। वह हमें जो गुणवत्ता और नेतृत्व प्रदान करता है, उसका कोई सानी नहीं है लेकिन आपने देखा होगा कि हम उसके बिना भी अच्छा प्रदर्शन करने में सक्षम हैं।’’
अमेरिका ने आत्मघाती गोल के जरिए बढ़त बनाई। बालोगुन ने 11वें मिनट में स्ट्राइकर रिकार्डो पेपी की ओर एक सटीक पास दिया। गेंद पेपी तक नहीं पहुंची और ऑस्ट्रेलिया के डिफेंडर कैमरून बर्गेस से टकराकर गोल में चली गई, जिससे आत्मघाती गोल हो गया।
टीम के सबसे युवा खिलाड़ी 21 वर्षीय एलेक्स फ्रीमैन ने 43वें मिनट में अमेरिका को 2-0 से आगे कर दिया। सर्जिनो डेस्ट के डिफ्लेक्टेड शॉट पर फ्रीमैन ने हेडर लगाकर विश्व कप में अपने करियर का पहला गोल किया। वीडियो समीक्षा के बाद गोल की पुष्टि हुई।
बालोगुन ने कहा, ‘‘मैं खतरनाक बनना चाहता हूं, मैं अवसर पैदा करना चाहता हूं। यह जरूरी नहीं है कि प्रत्येक समय मैं ही गोल करूं लेकिन मैं प्रतिद्वंदी टीम से गलती करवाकर गोल करने में मदद करना चाहता हूं। यह भी गोल करने के ही बराबर है। हमने अच्छी शुरुआत की जिसका हमें फायदा मिला।’’
एपी
पंत
पंत

Facebook


