यूटीटी फाइनल: यू मुंबा ने डेम्पो गोवा चैलेंजर्स को 8-5 से हराकर खिताब जीता
यूटीटी फाइनल: यू मुंबा ने डेम्पो गोवा चैलेंजर्स को 8-5 से हराकर खिताब जीता
पणजी, 26 जुलाई (भाषा) गत चैंपियन यू मुंबा टीटी ने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए रविवार को यहां खेले गए फाइनल में डेम्पो गोवा चैलेंजर्स को 8-5 से हराकर अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) के सातवें सत्र का खिताब बरकरार रखा।
पहले दो मुकाबलों के बाद यू मुंबा 2-4 से पीछे चल रही थी, लेकिन मौजूदा चैंपियन ने इसके बाद जोरदार पलटवार किया और मुकाबले की दिशा बदलते हुए खिताबी जीत हासिल की।
कप्तान मनुष शाह और अन्ना हर्सी ने मिश्रित युगल में शानदार जीत दर्ज कर वापसी की शुरुआत की। इसके बाद मनुष ने अल्वारो रोबल्स के खिलाफ अहम जीत हासिल कर यू मुंबा को बढ़त की ओर पहुंचाया।
निर्णायक मुकाबले में अनुषा कुटुम्बले ने सिंड्रेला दास के खिलाफ दबाव में संयम बनाए रखते हुए जीत दर्ज की और यू मुंबा को खिताब दिलाया। इसके साथ ही गोवा की टीम को पूरे सत्र में पहली और एकमात्र हार का सामना करना पड़ा।
इस जीत के साथ यू मुंबा ने प्रतियोगिता की सबसे सफल फ्रेंचाइजी के रूप में डेम्पो गोवा चैलेंजर्स की बराबरी कर ली। दोनों टीमों के नाम अब दो-दो खिताब हैं।
यूटीटी के सातवें सत्र में दुनियाभर के 42 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 14 ओलंपियन भी शामिल थे।
फाइनल की शुरुआत में भारतीय खिलाड़ी अभिनंद पीबी ने लिलियन बार्डे को 2-1 से हराकर यू मुंबा को अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद बर्नाडेट स्जोक्स ने अन्ना हर्सी के खिलाफ एक गेम से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए गोवा की बढ़त को 4-2 कर दिया।
यू मुंबा ने मिश्रित युगल में जोरदार वापसी की। मनुष और हर्सी की जोड़ी ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए अल्वारो रोबल्स और सिंड्रेला दास को सीधे गेम में हराया।
मनुष ने पुरुष एकल में अल्वारो रोबल्स के खिलाफ पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी की। उन्होंने दूसरा गेम बेहद करीबी मुकाबले में 11-10 से जीता और निर्णायक गेम 11-5 से अपने नाम कर यू मुंबा को 7-5 की महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई।
सिंड्रेला के खिलाफ निर्णायक मुकाबले में अनुषा ने दबाव के क्षणों में धैर्य बनाए रखा और निर्णायक अंक 11-10 से जीतकर यू मुंबा की खिताबी जीत सुनिश्चित कर दी।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


