… अमित कुमार दास …
नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) वैष्णवी अडकर और सहजा यमलापल्ली की एकल मुकाबलों तथा अंकिता रैना और ऋतुजा भोसले की जोड़ी की हार से बिली जीन किंग कप के एशिया-ओशियाना ग्रुप-1 मुकाबले में बृहस्पतिवार को यहां इंडोनेशिया ने भारत को 3-0 से करारी शिकस्त दी। इस हार से भारत के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। वैष्णवी ने प्रिस्का मेडेलिन नुग्रोहो को कड़ी चुनौती दी, लेकिन उन्हें दिल तोड़ने वाली हार का सामना करना पड़ा, जबकि सहजा विश्व रैंकिंग में 41वें स्थान पर काबिज जेनिस ट्येन के सामने सहज नहीं दिखीं। विश्व रैंकिंग में 391वें पायदान पर काबिज पुणे की 21 वर्षीय वैष्णवी ने मुकाबले में पूरा दमखम दिखाया, लेकिन 419वीं रैंकिंग वाली प्रिस्का की चुनौती से पार नहीं पा सकीं। वह डीएलटीए स्टेडियम में तीन घंटे छह मिनट तक चले मुकाबले में 7-6 (3), 6-7 (3), 3-6 से हार गईं। सहजा के लिए जेनिस को हराना हमेशा ही कठिन चुनौती थी, क्योंकि इंडोनेशिया की खिलाड़ी को शीर्ष खिलाड़ियों के साथ खेलने का अनुभव है। सहजा को एकतरफा मुकाबले में 2-6, 1-6 से हार का सामना करना पड़ा। युगल मुकाबले में अंकिता रैना और ऋतुजा भोसले की जोड़ी को एल्डिला सुट्जियादी और जेनिस की जोड़ी से 3-6, 6-7 (4) से हार का सामना करना पड़ा। पहले मुकाबले में वैष्णवी ने भरपूर प्रयास किया और शुरुआत में अपने तेज़तर्रार खेल से पहला सेट जीतने में सफलता पाई। उन्होंने नेट पर सक्रियता दिखाई और आक्रामक फोरहैंड के जरिए खेल को संतुलित रखा। वह हालांकि शुरुआती बढ़त को कायम नहीं रख सकीं और दूसरे सेट में टाई-ब्रेकर तक पहुंचने के बावजूद हार गईं। अंतिम सेट में भी वैष्णवी ने बढ़त ली, लेकिन इंडोनेशियाई खिलाड़ी प्रिस्का ने संयम बनाए रखा और मैच अपने नाम किया। वैष्णवी ने करीबी हार के बाद पत्रकारों से कहा, “मुझे लगता है, आज का मैच काफी कठिन और लंबा था। जाहिर है, नतीजा हमारे पक्ष में नहीं रहा। हां, जीत न मिलना वाकई निराशाजनक है।” उन्होंने कहा, “सबसे महत्वपूर्ण बात यह थी कि आखिरी अंक तक संघर्ष करना पड़ा। मुझे लगता है कि मैंने अच्छा मुकाबला किया, हालांकि नतीजा मेरे पक्ष में नहीं रहा। अपने प्रयासों पर मुझे गर्व है।” दूसरे एकल में सहजा ने शुरुआत में कुछ टक्कर दी और ब्रेक प्वाइंट बचाए, लेकिन विश्व रैंकिंग में 41वें स्थान की जेनिस ने आक्रामक खेल और सटीक सर्विस से भारतीय खिलाड़ी को कोई मौका नहीं दिया। सहजा की गलतियों और तेज़ गति के बीच जेनिस ने लगातार ब्रेक लेकर सेट और मैच दोनों अपने नाम किए। इससे पहले भारत ने न्यूजीलैंड को 3-0 से हराया था, जबकि बुधवार को उसे थाईलैंड के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था। कोरिया और इंडोनेशिया फिलहाल तीन-तीन जीत के साथ तालिका में शीर्ष पर हैं, उनके बाद थाईलैंड और भारत का स्थान है। इस ग्रुप की पांचवीं टीम मंगोलिया है। ग्रुप से केवल शीर्ष दो टीमें ही प्लेऑफ में पहुंचेंगी, जबकि सबसे निचली दो टीमें 2027 के लिए ग्रुप-2 में चली जाएंगी। भाषा आनन्द सुधीरसुधीर