वैष्णवी और सहजा की हार से इंडोनेशिया ने बीजेकेसी में भारत पर 2-0 की अजेय बढ़त बनाई

Ads

वैष्णवी और सहजा की हार से इंडोनेशिया ने बीजेकेसी में भारत पर 2-0 की अजेय बढ़त बनाई

  •  
  • Publish Date - April 9, 2026 / 08:35 PM IST,
    Updated On - April 9, 2026 / 08:35 PM IST

… अमित कुमार दास …

नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) वैष्णवी अडकर और सहजा यमलापल्ली की एकल मुकाबलों में हार से बिली जीन किंग कप के एशिया-ओशियाना ग्रुप-एक मुकाबले में बृहस्पतिवार को यहां इंडोनेशिया ने भारत पर 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। वैष्णवी ने प्रिस्का मेडेलिन नुग्रोहो को कड़ी चुनौती दी, लेकिन उन्हें दिल तोड़ने वाली हार का सामना करना पड़ा, जबकि सहजा विश्व रैंकिंग में 41वें स्थान पर काबिज जेनिस ट्येन के सामने सहज नहीं दिखी। विश्व रैंकिंग में 391वें पायदान पर काबिज पुणे की 21 वर्षीय वैष्णवी ने मुकाबले में पूरा दमखम दिखाया, लेकिन 419वीं रैंकिंग वाली प्रिस्का की चुनौती से पार नहीं पा सकीं। वह डीएलटीए स्टेडियम में तीन घंटे छह मिनट तक चले मुकाबले में 7-6 (3), 6-7 (3), 3-6 से हार गईं। सहजा के लिए जेनिस को हराना हमेशा ही कठिन चुनौती थी, क्योंकि इंडोनेशिया की खिलाड़ी को विश्व रैंकिंग की शीर्ष खिलाड़ियों के साथ खेलने का अनुभव है। सहजा को एकतरफा मुकाबले में 2-6, 1-6 से हार का सामना करना पड़ा। युगल मुकाबले में अंकिता रैना और ऋतुजा भोसले की जोड़ी का सामना एल्डिला सुट्जियादी और जेनिस की जोड़ी से होगा। पहले मुकाबले में वैष्णवी ने भरपूर प्रयास किया और शुरुआत में अपने तेज़तर्रार खेल से पहला सेट जीतने में सफलता पाई। उन्होंने नेट पर सक्रियता दिखाई और आक्रामक फोरहैंड के जरिए खेल को संतुलित रखा। वह हालांकि शुरुआती बढ़त को कायम नहीं रख सकीं और दूसरे सेट में टाई-ब्रेकर तक पहुंचने के बावजूद हार गईं। अंतिम सेट में भी वैष्णवी ने बढ़त ली, लेकिन इंडोनेशियाई खिलाड़ी प्रिस्का ने संयम बनाए रखा और मैच अपने नाम किया। दूसरे एकल में सहजा ने शुरुआत में कुछ टक्कर दी और ब्रेक प्वाइंट बचाए, लेकिन विश्व रैंकिंग 41 की जेनिस ने आक्रामक खेल और सटीक सर्विस से भारतीय खिलाड़ी को कोई मौका नहीं दिया। सहजा की गलतियों और तेज़ गति के बीच जेनिस ने लगातार ब्रेक लेकर सेट और मैच दोनों अपने नाम किए। इससे पहले भारत ने न्यूजीलैंड को 3-0 से हराया था, जबकि बुधवार को उसे थाईलैंड के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था। कोरिया और इंडोनेशिया फिलहाल तीन-तीन जीत के साथ तालिका में शीर्ष पर हैं, उनके बाद थाईलैंड और भारत का स्थान है। इस ग्रुप की पांचवीं टीम मंगोलिया है। ग्रुप से केवल शीर्ष दो टीमें ही प्ले-ऑफ में पहुंचेंगी, जबकि सबसे निचले दो दल 2027 के लिए ग्रुप-दो में चले जाएंगे। भाषा आनन्द आनन्द सुधीरसुधीर

ताजा खबर