वैष्णवी ने सीध सेट में जीत दर्ज की, भारत को न्यूजीलैंड पर 1-0 की बढ़त दिलाई
वैष्णवी ने सीध सेट में जीत दर्ज की, भारत को न्यूजीलैंड पर 1-0 की बढ़त दिलाई
नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) युवा वैष्णवी अडकर ने वापसी करते हुए बुधवार को यहां बिली जीन किंग कप (बीजेकेसी) टेनिस टूर्नामेंट के एशिया-ओशियाना ग्रुप एक मुकाबले के पहले एकल मैच में आइशी दास को सीधे सेट में 6-2, 6-4 से हराकर भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ 1-0 की बढ़त दिलाई।
पदार्पण कर रही वैष्णवी को मंगलवार को अपने पहले मैच में शिकस्त का सामना करना पड़ा था जिससे भारत वर्षा से प्रभावित मुकाबले में थाईलैंड के खिलाफ 1-2 से हार गया।
दोबारा जिम्मेदारी मिलने पर वैष्णवी ने काफी सुधार दिखाया। उन्होंने सहज गलतियां कम की और बेहतर नियंत्रण के साथ शॉट खेले जिससे न्यूजीलैंड की खिलाड़ी को एक घंटे 30 मिनट में हराने में सफल रहीं।
वैष्णवी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह बिली जीन किंग कप में मेरा पहला मैच था इसलिए मैं निश्चित रूप से बहुत नर्वस थी। मैंने अपनी घबराहट से ठीक तरीके से नहीं निपट पाई लेकिन यह मेरे लिए एक सबक था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज कोर्ट पर आकर मुझे उस चीज पर ध्यान देना था जिसमें मैं सबसे अच्छी हूं। मुझे बस कोर्ट पर उतरकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना था।’’
दूसरे एकल में सहजा यमलापल्ली का मुकाबला वैलेंटिना इवानोव से होगा जबकि रुतुजा भोसले और अंकिता रैना की जोड़ी महिला युगल में मोनिक बैरी और एरिन रूटलिफ से भिड़ेगी।
इससे पहले रुतुजा भोसले और अंकिता रैना की युगल मुकाबले में जीत के बावजूद भारत सहजा यमलापल्ली की तीन सेट तक चले मुकाबले में पैचरिन चीपचंदेज से पराजय के कारण बारिश से प्रभावित अपने पहले मुकाबले में थाईलैंड से 1-2 से हार गया।
विश्व रैंकिंग में 384वें स्थान पर काबिज सहजा पर बहुत कुछ निर्भर था। यह मैच बारिश के कारण मंगलवार को बीच में रोकना पड़ा था।
भारत पहला एकल मुकाबले हारने के कारण सहजा से वापसी करने की उम्मीद कर रहा था लेकिन यह 25 वर्षीय खिलाड़ी उसे मुकाबले में बनाए रखने में नाकाम रही। वह विश्व रैंकिंग में 449वें नंबर पर काबिज पैचरिन से 4-6, 6-1, 4-6 से हार गई। यह मैच दो घंटे 25 मिनट तक चला।
इसके बाद भोसले और रैना की युगल जोड़ी ने थासापोर्न नाकलो और पेंगटार्न प्लिप्यूच को एक घंटे और 11 मिनट में 6-3 6-4 से हराकर थाईलैंड को क्लीन स्वीप नहीं करने दिया।
भारतीय कप्तान विशाल उप्पल ने बाद में पत्रकारों से कहा, ‘‘हमें पहले से ही पता था कि थाईलैंड एक बहुत अच्छी टीम है। हमें वास्तव में अच्छे खेल का प्रदर्शन करना होगा। दुर्भाग्य से इस मुकाबले में हम वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाए जैसा चाहते थे। लेकिन युगल मैच में जीत हमारे लिए सकारात्मक है। अभी टूर्नामेंट में काफी मुकाबले खेले जाने हैं और इसलिए प्रत्येक जीत मायने रखती है।’’
सहजा ने निर्णायक सेट में 3-4 के स्कोर पर खेल फिर से शुरू करते हुए फोरहैंड शॉट बाहर मार दिया और पैचरिन ने अपनी सर्विस बरकरार रखते हुए 5-3 की बढ़त बना ली।
इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने अपनी सर्विस बरकरार रखी जब पैचरिन का बैकहैंड स्लाइस शॉट नेट पर जा लगा। इससे स्कोर का अंतर 4-5 हो गया।
मैच बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया था। सहजा ने कुछ बेहतरीन ग्राउंडस्ट्रोक लगाए और बेसलाइन पर दबदबा कायम रखा। यहां तक कि थाई खिलाड़ी के शॉट बाहर जाने के कारण उन्होंने ब्रेक प्वाइंट भी हासिल कर लिया था।
लेकिन निर्णायक मौके पर उनसे गलती हो गई और उन्होंने अपने शॉट बाहर मार दिए। सहजा ने इसके बाद रिटर्न शॉट खेलने में गलती की जिससे थाईलैंड की खिलाड़ी जीत हासिल करने में सफल रही।
इससे पहले मंगलवार को वैष्णवी अडकर को औंचिसा चांता से 1-6, 3-6 से हार का सामना करना पड़ा था।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द

Facebook


