वरुण अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर, एशियाई खेलों में हिस्सा लेना भी संदिग्ध

Ads

वरुण अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर, एशियाई खेलों में हिस्सा लेना भी संदिग्ध

  •  
  • Publish Date - September 14, 2026 / 07:12 PM IST,
    Updated On - September 14, 2026 / 07:12 PM IST

नयी दिल्ली, 14 सितंबर (भाषा) भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती सोमवार को चोट के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज से बाहर हो गए और इस चोट के चलते आगामी एशियाई खेलों में उनके खेलने पर भी संशय पैदा हो गया है।

चक्रवर्ती हाल में पैर की मांसपेशियों में खिंचाव की चोट से उबरे थे जो उन्हें जुलाई में इंग्लैंड दौरे के दौरान लगी थी।

उन्होंने रविवार को अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के पहले मुकाबले में एक विकेट लिया था। भारत ने यह मैच आसानी से जीता था और चक्रवर्ती ने अपने चार ओवरों में महज 16 रन दिए थे।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने कहा, ‘‘यह नयी चोट है। वह सीरीज से बाहर हो गए हैं। ’’

हाल के दिनों में ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में खिलाड़ियों की चोटों के बार-बार सामने आने के कारण वहां की चोट प्रबंधन व्यवस्था सवालों के घेरे में रही है। चक्रवर्ती की ताजा चोट भी इसी सिलसिले का एक और उदाहरण है।

इस नयी चोट के कारण 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियाई खेलों में चक्रवर्ती का हिस्सा लेना भी संदिग्ध है।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर