आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन के लिए क्रांति गौड़ पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना

Ads

आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन के लिए क्रांति गौड़ पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना

  •  
  • Publish Date - September 14, 2026 / 05:41 PM IST,
    Updated On - September 14, 2026 / 05:41 PM IST

दुबई, 14 सितंबर (भाषा) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भारत की महिला टीम की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ पर श्रीलंका के खिलाफ यहां खेले गए टी20 एशिया कप फाइनल के दौरान आचार संहिता के लेवल एक के उल्लंघन के लिए सोमवार को उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया और एक डिमेरिट अंक दिया।

भारत ने रविवार को एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से हराकर यहां आठवीं बार खिताब अपने नाम किया। इस मुकाबले के दौरान क्रांति को आचार संहिता के नियम 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया।

आईसीसी ने अपनी वेबसाइट पर कहा, ‘‘क्रांति ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आईसीसी आचार संहिता के नियम 2.5 का उल्लंघन किया जो अंतरराष्ट्रीय मैच में किसी बल्लेबाज को आउट करने के बाद ऐसी भाषा, कार्रवाई या इशारे का इस्तेमाल करने से संबंधित है जो बल्लेबाज को अपमानित करे या उसे आक्रामक प्रतिक्रिया के लिए उकसा सकता हो।’’

आईसीसी ने कहा, ‘‘इसके अलावा क्रांति के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है। यह 24 महीने की अवधि में उनका पहला अपराध है।’’

दाएं हाथ की तेज गेंदबाज क्रांति ने फाइनल के दौरान श्रीलंका की सलामी बल्लेबाज इमेशा दुलानी को आउट करने के बाद पवेलियन की ओर इशारा किया था।

क्रांति ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी सुप्रिया रानी दास द्वारा प्रस्तावित सजा को स्वीकार किया।

आईसीसी ने कहा, ‘‘मैदानी अंपायर सलीमा इम्तियाज और शथिरा जाकिर जेसी, तीसरी अंपायर रोकेया सुल्ताना और चौथी अंपायर हुमैरा फराह ने आरोप लगाए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेवल एक के उल्लंघन के लिए न्यूनतम सजा आधिकारिक फटकार जबकि अधिकतम सजा खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक है।’’

इस बीच पाकिस्तान की महिला टीम पर भी पिछले शुक्रवार को श्रीलंका के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल में धीमी ओवर गति से गेंदबाजी करने के लिए मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।

आईसीसी ने कहा कि पाकिस्तान की टीम निर्धारित समय में लक्ष्य से एक ओवर कम फेंका। यह सजा मैच रेफरी जीएस लक्ष्मी ने दी।

आईसीसी ने कहा, ‘‘खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आईसीसी आचार संहिता के न्यूनतम ओवर गति के उल्लंघन से संबंधित नियम 2.22 के तहत टीम द्वारा निर्धारित समय में एक ओवर कम फेंकने पर खिलाड़ियों की मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।’’

पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता