विष्णु सोलंकी ने दिलायी बड़ौदा को हरियाणा पर रोमांचक जीत

विष्णु सोलंकी ने दिलायी बड़ौदा को हरियाणा पर रोमांचक जीत

विष्णु सोलंकी ने दिलायी बड़ौदा को हरियाणा पर रोमांचक जीत
Modified Date: November 29, 2022 / 07:49 pm IST
Published Date: January 27, 2021 11:13 am IST

अहमदाबाद, 27 जनवरी (भाषा) मध्यक्रम के बल्लेबाज विष्णु सोलंकी ने अपनी नाबाद अर्धशतकीय पारी के दौरान अंतिम तीन गेंदों पर एक चौका और दो छक्के जड़कर बड़ौदा को सैयद मुश्ताक अली ट्राफी टी20 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में बुधवार को यहां हरियाणा पर आठ विकेट से रोमांचक जीत दिलायी।

हरियाणा ने सात विकेट पर 148 रन बनाये थे। वह अपने इस स्कोर का बचाव करने की स्थिति में दिख रहा था। बड़ौदा को अंतिम दो ओवरों में 23 रन चाहिए थे। कप्तान मोहित शर्मा ने 19वें ओवर में केवल पांच रन दिये। इस तरह से बड़ौदा को आखिरी ओवर में 18 रन चाहिए थे।

बड़ौदा के बल्लेबाजों ने पहली तीन गेंदों पर तीन रन बनाये जिसके बाद उसे अंतिम तीन गेंदों पर 15 रन की जरूरत थी। ऐसे में सोलंकी ने तेज गेंदबाज सुमित कुमार पर पहले छक्का और फिर चौका जमाया। बड़ौदा अब लक्ष्य से पांच रन दूर था और सोलंकी ने आखिरी गेंद पर विजयी छक्का जमाकर टीम का स्कोर दो विकेट पर 150 रन पर पहुंचाया।

सोलंकी ने 46 गेंदों पर नाबाद 71 रन बनाये जिसमें चार चौके और पांच छक्के शामिल हैं। कप्तान केदार देवधर ने 40 गेंदों पर 43 रन बनाये जबकि स्मित पटेल ने 21 और अभिमन्यु सिंह राजपूत ने नाबाद 13 रन का योगदान दिया।

हरियाणा ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर नियमित अंतराल में विकेट गंवाये। उसकी तरफ से हिमांशु राणा ने 49 और शिवम चौहान ने 35 रन का योगदान दिया। बड़ौदा के लिये कार्तिक काकड़े ने दो जबकि अतित सेठ और बाबाशफी पठान ने एक – एक विकेट लिया।

भाषा

पंत नमिता

नमिता


लेखक के बारे में