पाकिस्तान का भारत के मैच का बहिष्कार से हमारा वास्ता नहीं, हमारा ध्यान जीत पर है: ओ’डाउड

Ads

पाकिस्तान का भारत के मैच का बहिष्कार से हमारा वास्ता नहीं, हमारा ध्यान जीत पर है: ओ'डाउड

  •  
  • Publish Date - February 6, 2026 / 03:12 PM IST,
    Updated On - February 6, 2026 / 03:12 PM IST

कोलंबो, छह फरवरी (भाषा)  नीदरलैंड के सलामी बल्लेबाज मैक्स ओ’डाउड ने कहा कि भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने के बाद पाकिस्तान पर बने कथित ‘दबाव’ से उनकी टीम को कोई मतलब नहीं है और उनकी टीम का पूरा ध्यान शनिवार को होने वाले टी20 विश्व कप के अपने पहले मैच में पाकिस्तान को हराने पर है।

बांग्लादेश के समर्थन में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ लीग मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है। ऐसे में सुपर आठ में पहुंचने के लिए पाकिस्तान पर अपने बाकी तीनों मैच जीतने का दबाव होगा। इसकी शुरुआत नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले से होगी।

ओ’डाउड से जब पूछा गया कि क्या इस फैसले से पाकिस्तान पर अतिरिक्त दबाव होगा तो उन्होंने कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो पाकिस्तान के भारत के खिलाफ बहिष्कार पर कहने के लिए मेरे पास ज्यादा कुछ नहीं है। यह पूरी तरह हमारे नियंत्रण से बाहर है। हम सिर्फ इस पर फोकस कर रहे हैं कि हमें क्या करना है और वह है पाकिस्तान को हराने की कोशिश करना।”

उन्होंने कहा कि इसके बाद उनकी टीम के तीन अहम मैच (अमेरिका, नामीबिया और भारत के खिलाफ) हैं, लेकिन फिलहाल ध्यान सिर्फ अगले मैच पर है।

पाकिस्तान के पास चार अलग-अलग तरह के स्पिनर हैं। इसमें वामहस्त स्पिनर मोहम्मद नवाज, दाएं हाथ के लेग- स्पिनर गेंदबाज अबरार अहमद, ऑफ-स्पिनर साइम अयूब और ‘साइड-आर्म’ ऑफ-स्पिन गेंदबाजी करने वाले उस्मान तारिक शामिल है। ऐसे में स्पिनरों के खिलाफ नीदरलैंड की कड़ी परीक्षा होगी।

नीदरलैंड के लिए 87 टी20 अंतरराष्ट्रीय खेलने वाले ओ’डाउड ने अपनी टीम की रणनीति का खुलासा करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पास शानदार स्पिनर है और हमने पिछले डेढ़ महीने से स्पिन के खिलाफ कड़ी तैयारी की है।

ओ’डाउड ने कहा, “पाकिस्तान की स्पिन गेंदबाजी मजबूत है। ऐसे में मुकाबला आसान नहीं होगा, लेकिन हमें भरोसा है कि हम अपनी शैली में खेलकर सफल हो सकते हैं।”

टी20 अंतरराष्ट्रीय में एक शतक और 16 अर्धशतक लगाने वाले इस बल्लेबाज ने कहा, ‘‘ मैं मैच से ठीक एक दिन पहले यहां आकर आपको यह नहीं बताने वाला कि हम किस रणनीति का इस्तेमाल करेंगे। कुछ ऐसे क्षेत्र हैं जिन पर हम चर्चा करते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आपको यह समझना होगा कि पाकिस्तान की टीम में बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं और कभी-कभी योजनाएं काम करती हैं, कभी-कभी नहीं, लेकिन आपको यथासंभव तैयार रहना होगा। हमें लगता है कि हम तैयार हैं।”

  ओ’डॉउड ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले टीम के साथ चेन्नई में चेन्नई सुपर किंग्स अकादमी में अभ्यास किया था। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लिए यह निश्चित रूप से कठिन होगा, ठीक वैसे ही जैसे किसी भी अन्य टीम के खिलाफ खेलना होता है, क्योंकि पाकिस्तान के पास स्पिन गेंदबाजों का एक बेहतरीन समूह है, लेकिन हमें विश्वास है कि हम अपनी शैली में खेल सकते हैं और सफल हो सकते हैं।’’

भाषा आनन्द मोना

मोना