खिलाड़ियों से कहा था कि हमें आखिर तक लड़ना होगा, अफगानिस्तान के खिलाफ रोमांचक मैच के बाद मारक्रम
खिलाड़ियों से कहा था कि हमें आखिर तक लड़ना होगा, अफगानिस्तान के खिलाफ रोमांचक मैच के बाद मारक्रम
अहमदाबाद, 11 फरवरी (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मारक्रम ने टीम के साथी खिलाड़ियों से कहा था कि उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ ‘चुनौती’ के लिए तैयार रहना होगा और बुधवार को यहां खेला गया यह मैच टी20 विश्व कप के इतिहास के सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक साबित हुआ।
ग्रुप डी के इस रोमाचंक मैच में दक्षिण अफ्रीका ने छह विकेट पर 187 रन बनाए और दो सुपर ओवर के बाद अफगानिस्तान को मामूली अंतर से हराया। अफगानिस्तान ने 187 रन बनाकर स्कोर बराबर किया जिसके बाद पहले सुपर के बराबर रहने के बाद दूसरा सुपर ओवर खेला गया तो वह जीत के लिए जरूरी 24 रन नहीं बना सका।
मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में मारक्रम ने कहा, ‘‘इसे शब्दों में बयां करना काफी मुश्किल है। कड़ा मुकाबला था। टीमें आपको जबरदस्त दबाव में लाती हैं। और जब आप खुद पर दबाव डालने लगते हैं तो हालात मुश्किल हो जाते हैं। जीत और अंक मिलने के लिए शुक्रगुजार हूं। ’’
तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार जीता, लेकिन वह पहले सुपर ओवर में 17 रन दे बैठे थे। लेकिन दूसरी बार स्पिनर केशव महाराज ने दक्षिण अफ्रीका के लिए कमाल की गेंदबाजी की और दो विकेट लेकर मुकाबला अपनी टीम के पक्ष में कर दिया।
मारक्रम ने कहा, ‘‘आखिरकार सुपर ओवर में आप अपने बेहतर, सबसे आत्मविश्वास से भरे खिलाड़ी को चुनते हैं। पहले ओवर में लुंगी से ज्यादा गलती नहीं हुई, लेकिन फिर उन्होंने अच्छा स्कोर बना लिया। केशव के साथ भी यही कहानी रही। स्पिनर के लिए यह मुश्किल होता है, फिर भी हमने उन पर भरोसा किया। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने लड़कों से कहा था कि लक्ष्य ठीक है, लेकिन हमें चुनौती का सामना करना होगा। मैं इससे पूरी तरह सहज नहीं था और मुझे लगा कि हमने कुछ मौके गंवा दिए। ’’
मारक्रम के अनुसार कुछ विभागों में सुधार की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ चीजें हैं जिनमें हम सुधार कर सकते हैं। छोटे-छोटे चरण में जो इस प्रारूप में बहुत मायने रखते हैं। इस तरह के मैच से आप यही सकारात्मक चीज सीख सकते हैं कि आपको इस तरह के मैच जीतने चाहिए। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस प्रारूप में अच्छी शुरुआत करना जरूरी है और उन्होंने यही किया। उनमें से दो ने सच में अच्छी बल्लेबाजी की। ’’
अफ़गानिस्तान के कप्तान राशिद खान अच्छे प्रतिस्पर्धी हैं और वे इस करीबी मैच में मिली हार के बाद अपनी निराशा नहीं छिपा सके क्योंकि उनकी टीम अपने जोशीले प्रदर्शन और हर टूर्नामेंट के साथ बेहतर करने की चाहत के लिए मशहूर है।
राशिद ने कहा, ‘‘लड़कों ने कमाल का काम किया, विशेषकर बल्ले से शुरुआत में। उन्हें 190 रन से कम पर रोकना कमाल का था। हारने वाली टीम बनना दुर्भाग्यशाली है। हमने मैदान पर सब कुछ दिया। यह विकेट अच्छा है, आईपीएल में इस विकेट पर बहुत मैच खेले थे। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘टीम के साथ बातचीत हुई थी कि उनकी शुरुआत अच्छी थी लेकिन आखिरी 10 ओवर में उन्हें रोकने की कोशिश करेंगे। ’’
इस स्टार लेग-स्पिनर ने सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज के प्रयासों की खूब तारीफ की जिन्होंने 42 गेंद में 84 रन बनाए। फिर दूसरे सुपर ओवर में चार गेंद में 18 रन बनाए।
राशिद ने कहा, ‘‘बेहतरीन पारी, वह इसी के लिए मशहूर हैं। पावरप्ले के आखिरी कुछ ओवरों में जब हमने जल्दी विकेट गंवाए, उससे वह बैकफुट पर आ गया। कुल मिलाकर उसने कमाल का खेल दिखाया। हमारे पास मौके थे। दूसरे सुपर ओवर में भी हम एक गेंद में पांच रन बन सकते थे। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम और समझदारी से खेल सकते थे। एक गेंद में मैच खत्म हो सकता था। इस मैच को अगले दौर में ले जाने के लिए पिछले डेढ़ साल से कड़ी मेहनत की है। बहुत निराशाजनक है। जब भी आप देश का प्रतिनिधित्व करते हैं तो यह गर्व का पल होता है। जितना हो सके इसे ऊपर रखने की पूरी कोशिश करूंगा। ’’
भाषा नमिता मोना
मोना

Facebook


