पाल्लेकल (श्रीलंका), 21 फरवरी (भाषा) इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने शनिवार को स्वीकार किया कि उन्होंने अपने ग्रुप की कुछ टीमों को कम करके आंका और कहा कि उनकी टीम अब टी20 विश्व कप के सुपर आठ में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इंग्लैंड की टीम का ग्रुप चरण में प्रदर्शन अपेक्षित नहीं रहा तथा उसे एसोसिएट देशों के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए संघर्ष करना पड़ा जबकि वेस्टइंडीज ने उसे हराया था।
नेपाल के खिलाफ एक समय इंग्लैंड की टीम हार के कगार पर पहुंच गई थी लेकिन आखिर में वह चार रन से जीत दर्ज करने में सफल रही। उसे स्कॉटलैंड और इटली के खिलाफ भी संघर्ष करना पड़ा था। इंग्लैंड रविवार को सुपर आठ के अपने पहले मैच में श्रीलंका का सामना करेगा।
ब्रुक ने मैच से पहले की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘ हमारे लिए इस प्रतियोगिता की शुरुआत थोड़ी मुश्किल रही। हमने शायद कुछ टीमों को कम करके आंका और उन्होंने कड़ी टक्कर दी। शुक्र है कि हम पहला चरण पार करने में सफल रहे। अब हम सुपर आठ में हैं और अब हमारा मुख्य ध्यान इसी पर है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम इसे अब एक नई प्रतियोगिता के रूप में देख रहे हैं। अंकों को आगे ले जाने या इस तरह की किसी भी चीज के न होने के कारण यह पूरी तरह से एक नई शुरुआत है और हम इसे इसी रूप में देख सकते हैं।’’
ब्रूक ने कहा, ‘‘अभी कुछ ही खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है, लेकिन उम्मीद है कि हमारे खिलाड़ी आगामी मैचों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे और टीम के लिए मैच जीतेंगे।’’
इंग्लैंड ने टी20 विश्व कप की तैयारी के तौर पर इसी महीने की शुरुआत में इसी मैदान पर श्रीलंका को 3-0 से हराकर टी20 श्रृंखला में क्लीन स्वीप किया था।
ब्रूक ने कहा,‘‘हमने उनके खिलाफ इस मैदान पर अच्छा प्रदर्शन किया था। यहां की परिस्थितियों से वाकिफ होने के कारण हमारा मनोबल बढ़ा है। हम श्रीलंका का सामना करने के लिए बेहद उत्सुक हैं। उम्मीद है कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलेंगे और उन पर दबाव बनाएंगे।’’
ब्रुक ने यह भी स्वीकार किया कि ग्रुप चरण में उनके बल्लेबाजों ने थोड़ा अधिक सतर्क रवैया अपनाया और कहा कि वे आगे अधिक आक्रामक रुख अपनाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘हम बल्लेबाजी करते समय कुछ ज्यादा ही सतर्क रहे हैं। हम शायद कुछ खास परिस्थितियों में थोड़ा और साहसी हो सकते हैं और अपने निचले क्रम के बल्लेबाजों पर अधिक भरोसा रख सकते हैं।’’
श्रीलंका टीम के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सीखा है कि आप किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले सकते, जैसा कि हमने ग्रुप चरण में किया। श्रीलंका के कुछ बल्लेबाज बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। इसलिए उम्मीद है कि हम पावर प्ले में कुछ विकेट ले पाएंगे। पथुम निसांका इस समय अच्छी फॉर्म में हैं। अगर हम उन्हें जल्दी आउट कर सके तो यह शानदार होगा।’’
भाषा
पंत
पंत