लंदन, 23 जून (भाषा) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी), ‘यूनिसेफ यूके’ और इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) 24 जून को महिला टी20 विश्व कप 2026 में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले मुकाबले के दौरान प्रतिष्ठित लॉर्ड्स मैदान पर विशेष ‘मैचडे टेकओवर’ कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
आईसीसी और ‘यूनिसेफ’ का लक्ष्य दुनिया भर के बच्चों के लिए ‘यूनिसेफ’ की विभिन्न परियोजनाओं के समर्थन में धन जुटाने के साथ-साथ जागरूकता बढ़ाना है। इस पहल के तहत एक लाख पाउंड जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
क्रिकेट प्रशंसक और दो बार ‘बाफ्टा’ पुरस्कार के लिए नामांकित अभिनेता नभान रिजवान मैच के दौरान मौजूद रहेंगे और इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज ईसा गुहा के साथ ट्रॉफी लेकर मैदान पर उतरेंगे
रिजवान ने कहा, ‘‘मैं बुधवार को लॉर्ड्स में मौजूद रहने को लेकर उत्साहित हूं। क्रिकेट का बड़ा प्रशंसक होने के नाते मैं इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। इस दौरान प्रशंसकों को भी ‘यूनिसेफ’ के हर बच्चे के लिए अभियान के समर्थन में योगदान देने का अवसर मिलेगा।’’
‘यूनिसेफ’ का यह ‘मैचडे टेकओवर’ महिला टी20 विश्व कप 2026 के दौरान चल रही व्यापक ‘क्रिकेट फॉर गुड’ गतिविधियों का हिस्सा है। इसमें टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी 12 टीमें सातों मेजबान स्थलों पर स्कूलों की छात्राओं के साथ क्रिकेट सत्रों में हिस्सा लेंगी।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर