पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी की खाई में धक्का देकर की गई थी हत्या, मंगेतर सहित दो गिरफ्तार

Ads

पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी की खाई में धक्का देकर की गई थी हत्या, मंगेतर सहित दो गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 07:43 PM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 07:43 PM IST

पुणे, 23 जून (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे में रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक केतन विशाल अग्रवाल की सुनियोजित तरीके से खाई में धक्का देकर हत्या की गई थी और उसे हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने मंगलवार को यह सनसनीखेज खुलासा किया।

पुलिस ने बताया कि मामले में केतन की मंगेतर और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना 18 जून की है। शुरुआत में इसे लोहागढ़ किले से पैर फिसलने के कारण हुई दुर्घटना माना जा रहा था लेकिन गहन जांच में यह एक सुनियोजित हत्या की साजिश निकली।

पुलिस ने बताया कि केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल का जन्मदिन मनाने के लिए 18 जून को लोहगढ़ ट्रेकिंग पर गए थे। दोनों की शादी नवंबर में होने वाली थी।

खबरों के मुताबिक, परिवारों ने शादी के लिए राजस्थान में एक महल को 17 करोड़ रुपये में बुक किया था और मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए दो निजी विमानों की व्यवस्था की गई थी।

सिया ने शुरुआत में पुलिस को बताया कि तस्वीर खिंचवाते समय केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गया। तीन घंटे चले बचाव अभियान के बाद बचाव दल ने उसका शव बाहर निकाला।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि सिया और उसके प्रेमी चेतन बाबूलाल चौधरी ने केतन को धक्का देकर उसकी हत्या कर दी और इसे एक हादसा दिखाने की कोशिश की।

पुलिस ने बताया कि शुरू में इसे दुर्घटना का मामला माना जा रहा था, लेकिन जांच के दौरान हत्या की साजिश का खुलासा हुआ।

पुलिस ने बताया कि पुणे जिले के गहुंजे निवासी और परिवार के रियल एस्टेट कारोबार के निदेशक केतन अग्रवाल, किले पर तेज हवाओं के बीच फोटो खींचते समय लगभग 400 फीट गहरी खाई में गिर गए।

लोनावला ग्रामीण पुलिस ने सिया के बयान के आधार पर दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया था। सिया ने पुलिस को बताया था कि पहाड़ी पर स्थित किले में घूमने के दौरान केतन फिसलकर गिर गये थे।

पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि मौत की परिस्थितियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।

उन्होंने कहा, “हमारी टीम ने वित्तीय विवादों और व्यक्तिगत संबंधों समेत विभिन्न पहलुओं से जांच की। इसी दौरान पता चला कि सिया गोयल का पुणे के कोंढवा निवासी चेतन बाबूलाल चौधरी (22) के साथ प्रेम संबंध था।”

पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया कि सिया गोयल केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसे अपने तथा चेतन के रिश्ते में बाधा मानती थी। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि साजिश के तहत सिया घूमने के बहाने केतन को लोहागढ़ किले पर ले गई। बाद में चेतन को भी वहां बुलाया गया और दोनों ने मिलकर कथित तौर पर केतन को खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

संदेह के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा ने सबसे पहले चेतन चौधरी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने कथित रूप से स्वीकार किया कि केतन उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था, इसलिए उसने और सिया ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।

पुलिस ने बताया कि चेतन से मिली जानकारी के आधार पर सिया गोयल को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक गिल ने कहा, “केतन के पिता विशाल अग्रवाल की शिकायत के आधार पर लोनावला ग्रामीण पुलिस ने मंगलवार को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया है।”

केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने कहा, ‘‘जब पुलिस मेरे बेटे का शव लेकर आई, तो सिया ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उसके चेहरे पर कोई गम नहीं था।’’

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना से जुड़ी सभी कड़ियों को जोड़ने, फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने और इस साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की संभावित भूमिका की जांच के लिए पड़ताल जारी है।

लोहागढ़ किला मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण दुर्ग है। यह महाराष्ट्र के उन 12 किलों में शामिल है, जिन्हें यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में स्थान प्राप्त है।

भाषा धीरज नरेश

नरेश