अपनी भूमिकाओं को लेकर स्पष्टता से वेस्टइंडीज का प्रदर्शन शानदार रहा : शाइ होप

अपनी भूमिकाओं को लेकर स्पष्टता से वेस्टइंडीज का प्रदर्शन शानदार रहा : शाइ होप

अपनी भूमिकाओं को लेकर स्पष्टता से वेस्टइंडीज का प्रदर्शन शानदार रहा : शाइ होप
Modified Date: February 19, 2026 / 05:58 pm IST
Published Date: February 19, 2026 5:58 pm IST

कोलकाता, 19 फरवरी (भाषा) सभी की भूमिकायें तय होने, शांतचित्त रहकर रणनीति पर अमल करने और एक दूसरे का साथ देने से वेस्टइंडीज चार जीत दर्ज करके सुपर आठ में पहुंच गया है और कप्तान शाइ होप का मानना है कि टीम में स्पष्टता की वजह से अभी तक टी20 विश्व कप में सफलता मिली है ।

वेस्टइंडीज ने अपने ट्रेडमार्क आक्रामक खेल की बजाय संयम के साथ अब तक खेला है और आखिरी ओवरों तक विकेट बचाकर रखे हैं ।

होप ने इटली पर आखिरी ग्रुप लीग मैच में 42 रन से मिली जीत के बाद कहा ,‘स्पष्टता सबसे अहम है और इतने बड़े टूर्नामेंट में तो खास तौर पर जरूरी है ।’’

ईडन गार्डंस पर एक दशक पहले टी20 विश्व कप जीतने वाली वेस्टइंडीज टीम सुपर आठ में जिम्बाब्वे, दक्षिण अफ्रीका और भारत से खेलेगी ।

होप ने कहा ,‘‘ जब आप विश्व कप में आते हैं, तो आप पीछे नहीं रहना चाहते, खासकर तब जब आपको एकदम से शुरुआत करनी हो, खासकर तब जब आप दुनिया की कुछ बेहतर टीमों के खिलाफ खेल रहे हों।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ अब टीम में सभी को अपनी भूमिकाओं को लेकर स्पष्टता है और हम इसी तरह की क्रिकेट खेलना चाहते हैं ।’’

ग्रुप में शीर्ष पर रहने के बावजूद उन्होंने कहा कि टीम को आत्ममुग्धता से बचना होगा ।

उन्होंने कहा ,‘‘ हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें । हमने देखा कि इटली ने किस तरह बड़ी टीमों को चुनौती दी है लिहाजा हमने उनके खिलाफ कोई कोताही नहीं बरती । हर मैच में प्रदर्शन में सुधार की गुंजाइश रहती है और हम वही करेंगे ।’

भाषा

मोना नमिता

नमिता


लेखक के बारे में