नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने मार्च 2029 तक ‘इंस्पायर इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट’ (आईआईएस) के साथ अपनी साझेदारी को आगे बढ़ाया है।
आईआईएस एक ओलंपिक हाई परफोर्मेंस ट्रेनिंग केंद्र है जिसे जेएसडब्ल्यू ग्रुप चलाता है।
इस नए समझौते के तहत आईएसएस तीन और साल के लिए सीनियर, जूनियर और कैडेट स्तर पर डब्ल्यूएफआई के राष्ट्रीय कार्यक्रम का समर्थन करना जारी रखेगा। साथ ही यह राष्ट्रीय कोचिंग शिविर और खिलाड़ी विकास कार्यक्रम में अपनी हाई परफोर्मेंस से जुड़ी विशेषज्ञता को भी शामिल करेगा।
यह सहयोग खेल विज्ञान, स्ट्रेंथ एवं अनुकूलन, उबरने की प्रक्रिया, प्रदर्शन विश्लेषण और विश्व स्तरीय ट्रेनिंग सहयोग पर केंद्रित होगा।
डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि इस साझेदारी ने राष्ट्रीय कुश्ती कार्यक्रम को काफी मजबूत किया है।
संजय सिंह ने बयान में कहा, ‘‘खिलाड़ी विकास और हाई परफोर्मेंस प्रक्रिया में आईआईएस की विशेषज्ञता ने हमारे राष्ट्रीय कार्यक्रम को काफी बेहतर बनाया है। हमें यकीन है कि यह नई साझेदारी सभी स्तर पर हमारे पहलवानों की तैयारी और प्रदर्शन को और बेहतर बनाएगी।’’
भाषा सुधीर मोना
मोना