कोलंबो, छह जुलाई (भाषा) श्रीलंका के पश्चिमी तटीय शहर नेगोम्बो की एक जेल में हुई हिंसक झड़पों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, क्षमता से अधिक कैदियों वाली इस जेल में रविवार को कैदियों के दो गुटों के बीच झड़प हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को भी हिंसा भड़क गई, जब उपद्रवी कैदियों ने जेल के हथियारों पर कब्जा कर लिया।
नेगोम्बो अस्पताल निदेशक पुष्पा गमलथ ने बताया कि झड़पों और उसके बाद जेल में हुई हिंसा में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 72 अन्य घायल हुए हैं।
अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह हिंसा कथित तौर पर जेल के भीतर मादक पदार्थों की तस्करी का समर्थन करने वाले गुट और उसका विरोध करने वाले गुट के बीच हुई।
पुलिस ने बताया कि स्थिति पर काबू पाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और दंगा नियंत्रण इकाइयों को तैनात किया गया है।
पुलिस ने बताया कि झड़पों के बाद व्यवस्था बहाल करने और हिंसा रोकने के प्रयासों के तहत सोमवार को तीन कैदियों को पल्लानसेना जेल शिविर में स्थानांतरित किया गया।
जेल विभाग के प्रवक्ता ए.सी. गजनायके ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जेल के महा आयुक्त के निर्देश पर विशेष जांच दल का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की अलग से पुलिस जांच भी जारी है।
इस बीच, न्याय मंत्री हर्षणा नानायक्कारा ने नेगोम्बो जेल में कैदियों के बीच हुई हिंसा पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। घटना के संबंध में रविवार को मजिस्ट्रेट स्तर की जांच भी की गई।
भाषा अमित अविनाश
अविनाश