डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर 2026: मनुष-दीया मिश्रित युगल क्वार्टरफाइनल में

Ads

डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर 2026: मनुष-दीया मिश्रित युगल क्वार्टरफाइनल में

  •  
  • Publish Date - February 12, 2026 / 10:21 PM IST,
    Updated On - February 12, 2026 / 10:21 PM IST

चेन्नई, 12 फरवरी (भाषा) भारत के मानुष शाह और दीया चिताले की शीर्ष मिश्रित युगल जोड़ी तथा युवा खिलाड़ी अंकुर भट्टाचार्जी ने बृहस्पतिवार को यहां डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर चेन्नई 2026 में अलग-अलग अंदाज में जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।

हाल में डब्ल्यूटीटी कंटेंडर मस्कट 2026 का खिताब जीतने वाली मानुष और दीया की जोड़ी को कोरियाई क्वालीफायर खिलाड़ियों ने कड़ी टक्कर दी। भारतीय जोड़ी ने 42 मिनट में 3-2 (10-12, 11-6, 12-10, 5-11, 12-10) से जीत दर्ज कर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई।

मनुष और दीया का सामना भारतीय वाइल्ड कार्ड जोड़ी पायस जैन और सिंड्रेला दास से होगा। पायस और सिंड्रेला ने पहले दौर में कजाखस्तान के इस्केंडर खार्की और सर्विनोज मिर्कादिरोवा को 11-8, 11-6, 11-7 से हराया।

क्वालीफायर अंकुर ने फ्रांस के फ्लोरियन बुरासो को 3-1 (11-5, 11-8, 3-11, 11-9) से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया। दूसरे दौर में उनका सामना जापान के 14वीं वरीयता प्राप्त काजुहिरो योशिमुरा से होगा।

अंकुर ने स्वस्तिका घोष के साथ मिलकर मिश्रित युगल क्वार्टरफाइनल में भी जगह बनाई। इस जोड़ी ने कोरिया के पार्क ग्युह्योन और किम नायोंग को 3-2 (11-9, 3-11, 11-8, 6-11, 11-9) से हराया।

अब उनका मुकाबला चौथी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी हरमीत देसाई और यशस्विनी घोरपड़े से होगा जिन्होंने रोमानिया के डेरियस मोविलेनू और एंड्रिया ड्रैगोमन को 11-8, 11-4, 11-7 से पराजित किया।

स्नेहित सुरावज्जुला ने 1-2 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए दिव्यांश श्रीवास्तव को 3-2 (9-11, 11-8, 6-11, 11-7, 11-6) से हराया और अब वह दूसरे दौर में जापान के 13वीं वरीयता प्राप्त मिजुकी ओइकावा से भिड़ेंगे।

हरमीत ने भी रोमानिया के इयूलियन चिरिटा को 3-1 (11-8, 12-10, 9-11, 11-8) से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।

महिला एकल के ‘राउंड ऑफ 64’ मुकाबले में 15 वर्षीय दिव्यांशी भौमिक ने डब्ल्यूटीटी फीडर सीरीज वडोदरा 2026 की विजेता कोरिया की रयू हन्ना के खिलाफ अच्छा संघर्ष किया, लेकिन 1-3 से हार गईं।

बाद में दीया ने अनुषा कुतुंबाले को 3-0 (11-8, 12-10, 11-8) से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई।

भाषा नमिता

नमिता