चेन्नई, 15 फरवरी (भाषा) भारत के हरमीत देसाई और यशस्विनी घोरपड़े को रविवार को यहां डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर चेन्नई टेबल टेनिस टूर्नामेंट के मिश्रित युगल फाइनल में एडवर्ड इओनेस्कु और बर्नाडेट जोक्स की रोमानिया की दूसरी वरीय जोड़ी के खिलाफ शिकस्त के साथ उप विजेता बनकर संतोष करना पड़ा।
हरमीत और यशस्विनी की जोड़ी को 0-3 (9-11, 2-11, 8-11) से शिकस्त का सामना करना पड़ा। यह इस डब्ल्यूटीटी प्रतियोगिता के चार सत्र में किसी भारतीय जोड़ी का सबसे अच्छा प्रदर्शन है।
इस बीच चेक गणराज्य के लुबोमिर यानकारिक ने प्रतियोगिता में अपना स्वप्निल प्रदर्शन जारी रखते हुए कोरिया के पार्क गंगहियोन को 3-2 (13-15, 11-7, 5-11, 11-7, 11-9) से हराकर फाइनल में जगह बनाई जहां उनकी भिड़ंत फ्रांस के पांचवें वरीय थिबॉल्ट पोरेट से होगी।
फ्लेवियन कॉटन के साथ पुरुष युगल खिताब जीतने के बाद थिबॉल्ट की नजरें दोहरे खिताब पर टिकी हैं।
महिलाओं का एकल फाइनल जापान की खिलाड़ियों शीर्ष वरीय सात्सुकी ओडो और 15वीं वरीय मिउ हिरानो के बीच होगा।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द