जिम्बाब्वे के ब्रेंडन टेलर चोट के कारण टी20 विश्व कप से बाहर

Ads

जिम्बाब्वे के ब्रेंडन टेलर चोट के कारण टी20 विश्व कप से बाहर

  •  
  • Publish Date - February 13, 2026 / 11:25 AM IST,
    Updated On - February 13, 2026 / 11:25 AM IST

कोलंबो, 13 फरवरी (भाषा) जिम्बाब्वे के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर इस सप्ताह की शुरुआत में एक ग्रुप मैच के दौरान लगी चोट के कारण टी20 विश्व कप से बाहर हो गए हैं।

चालीस वर्षीय टेलर नौ फरवरी को ओमान के खिलाफ खेले गए मैच में चोटिल होने के कारण मैदान से लंगड़ाते हुए बाहर चले गए थे। जिम्बाब्वे ने यह मैच आठ विकेट से जीता था। उनकी चोट की सही प्रकृति अभी तक स्पष्ट नहीं है।

जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुक्रवार को मैच से पहले टॉस के दौरान कप्तान सिकंदर रजा ने कहा, ‘‘ब्रेंडन टेलर को चोट लग गई है और वह टूर्नामेंट में आगे नहीं खेल पाएंगे।

जिम्बाब्वे जब ओमान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा कर रहा था तो टेलर को विकेटों के बीच दौड़ लगाने में परेशानी हो रही थी। उन्होंने जब 30 गेंद पर 31 रन बनाए थे तब उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटना पड़ा था।

तेज गेंदबाज रिचर्ड नगारवा भी एहतियात के तौर पर शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में नहीं खेले।

रजा ने कहा, ‘‘रिचर्ड नगारवा को एहतियाती तौर पर विश्राम दिया गया है। वह आज भी नहीं खेलेंगे।’’

भाषा

पंत

पंत