मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 19 नए मामले

Ads

मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 19 नए मामले

  •  
  • Publish Date - July 20, 2021 / 03:27 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:29 PM IST

भोपाल, 20 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 19 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में अभी तक कुल 7,91,689 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

प्रदेश में पिछले 24 घंटे में किसी भी व्यक्ति की संक्रमण से मौत नहीं हुई है। प्रदेश में अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 10,512 है। प्रदेश में फिलहाल कोविड-19 के केवल 190 मरीज हैं, उन सभी का इलाज चल रहा है।

प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 52 जिलों में से 08 जिलों में ही संक्रमण के नये मामले आये, जबकि 44 जिलों में एक भी नया मामला नहीं आया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के सात नए मामले भोपाल में आए, जबकि इंदौर में चार, ग्वालियर में तीन तथा कटनी, नरसिंहपुर, राजगढ़, सिवनी व शिवपुरी में एक-एक नया मामला आया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुल 7,91,689 संक्रमितों में से अब तक 7,80,987 मरीज स्वस्थ हो गये हैं।

अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को कोविड-19 के 31 रोगी स्वस्थ हुए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में मंगलवार को केवल 3,977 लोगों को कोविड-19 के टीके लगाए गये। इसी के साथ प्रदेश में अब तक 2,56,92,264 लोगों को टीका लग चुका है।

भाषा दिमो अर्पणा

अर्पणा