(Cars Extended Warranty/ Image Credit: AI-generated)
नई दिल्ली: Cars Extended Warranty: भारत में E20 पेट्रोल का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में नई कार खरीदने वाले ग्राहकों के मन में यह सवाल उठता है कि उनकी कार लंबे समय तक बेहतर प्रदर्शन करेगी या नहीं। खासकर इंजन और अन्य जरूरी पार्ट्स की देखभाल को लेकर चिंता बनी रहती है। इसी वजह के कई ऑटो कंपनियां अपनी E20 कंप्लायंट कारों के साथ एक्सटेंडेड वारंटी (Cars Extended Warranty) का विकल्प दे रही है। इससे ग्राहकों को भविष्य में महंगे रिपेयर खर्च से बचने में मदद मिल सकती है।
होंडा अपनी कारों पर 3 साल की स्टैंडर्ड वारंटी देती है जिसे ग्राहक बढ़ाकर कुल 10 साल तक कर सकते हैं। कंपनी का Any Time Warranty प्रोग्राम ग्राहकों को स्टैंडर्ड वारंटी खत्म होने के बाद भी अतिरिक्त सुरक्षा लेने का मौका देता है। वारंटी अवधि में किसी पार्ट में खराबी आने पर कंपनी पार्ट्स और लेबर चार्ज का खर्च कवर करती है।
वहीं निसान अपनी नई कारों के साथ 3 साल या 1 लाख किलोमीटर की स्टैंडर्ड वारंटी देती है। एक्सटेंडेड वारंटी के जरिए ग्राहक इसे 10 साल या 2 लाख किलोमीटर तक बढ़ा सकते हैं। फिलहाल यह सुविधा निसान मैग्नाइट और ग्रावाइट जैसी कारों के लिए उपलब्ध है। जिससे भविष्य में बड़े रिपेयर खर्च से राहत मिल सकती है।
हुंडई अपनी कारों पर 4 साल या 80,000 किलोमीटर की स्टैंडर्ड वारंटी देती है। ग्राहक इसे बढ़ाकर 7 साल या 1.40 लाख किलोमीटर तक करा सकते हैं। इस वारंटी में कई मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल खराबियां शामिल होती हैं। खास बात यह है कि अगर कार वारंटी अवधि के दौरान बेची जाती है तो यह सुविधा नए मालिक को भी ट्रांसफर की जा सकती है। इससे कार की रीसेल वैल्यू बेहतर हो सकती है।
फॉक्सवैगन और स्कोडा भी ग्राहकों को एक्सटेंडेड वारंटी (Cars Extended Warranty) का विकल्प देती हैं। दोनों कंपनियां अपनी कारों पर 4 साल या 1 लाख किलोमीटर की स्टैंडर्ड वारंटी देती हैं जिसे बढ़ाकर कुल 6 साल तक किया जा सकता है। इन कारों के स्पेयर पार्ट्स और रिपेयर खर्च को देखते हुए यह सुविधा ग्राहकों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।
वहीं, मारुति सुजुकी भी एक्सटेंडेड वारंटी प्लान उपलब्ध कराती है। इसके लिए कार की उम्र 3 साल से कम और माइलेज 1 लाख किलोमीटर से कम होना जरूरी है। कंपनी के प्रीमियम प्लान इंजन, टर्बोचार्जर, फ्यूल पंप, ECM, स्टीयरिंग और कई इलेक्ट्रिकल पार्ट्स को कवर करते हैं। इसके जरिए वारंटी को 6 साल और 1.60 लाख किलोमीटर तक बढ़ाया जा सकता है।