मुंबई, एक अप्रैल (भाषा) मुंबई में इस साल मार्च में कोविड-19 के 88,710 मामले सामने आए हैं, जो कि फरवरी में सामने आए कुल मामलों से 475 फीसदी ज्यादा है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने यह जानकारी दी।
इस साल शहर में फरवरी के महीने में 18,359 मामले सामने आए थे, वहीं जनवरी में यह आंकड़ा 16,328 था। इसका मतलब हुआ कि मार्च में मुंबई में पिछले महीने की तुलना में 70,351 ज्यादा मामले सामने आए। वहीं, जनवरी की तुलना में 72,382 ज्यादा मामले सामने आए।
आंकड़ों के अनुसार, मार्च में संक्रमण की वजह से यहां 216 लोगों की जान गई जबकि फरवरी में 119 लोगों की मौत हुई थी। फरवरी की तुलना में मार्च का आंकड़ा 181 फीसदी ज्यादा है। जनवरी में संक्रमण से 237 लोगों की मौत हुई थी।
शहर में 31 मार्च तक संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,14,714 हो गई थी जबकि मृतकों की संख्या 11,686 तक पहुंच गई थी।
बीएमसी के आंकड़ों के अनुसार, 31 मार्च को यहां 51,411 मरीजों का उपचार चल रहा था जबकि फरवरी के अंत में सिर्फ 9,715 मरीजों का उपचार हो रहा था।
मुंबई में संक्रमण के मामले बढ़ने के साथ ही मार्च के अंत में स्वस्थ होने की दर घटकर 85 फीसदी रह गई थी जबकि फरवरी के अंत में यह 93 प्रतिशत था।
आंकड़ों के अनुसार संक्रमण में वृद्धि दर फरवरी के अंत में दर्ज 0.28 प्रतिशत से बढ़कर मार्च अंत तक 1.37 प्रतिशत हो गया। वहीं मामले दोगुने होने की अवधि भी 245 से घटकर 49 दिन हो गई।
मुंबई में मध्य फरवरी से संक्रमण के मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जाने लगी थी लेकिन उस समय मृतकों की संख्या में ज्यादा वृद्धि नहीं थी। हालांकि, पिछले सप्ताह से चिंताजनक तरीके से मृतकों की संख्या भी बढ़ने लगी है। शहर में अब तक टीके की 11.52 लाख से ज्यादा खुराक लोगों को दी जा चुकी है।
भाषा स्नेहा दिलीप
दिलीप