कंसास में अचानक आई बाढ़ में भारतीय आईटी पेशेवर की मौत

Ads

कंसास में अचानक आई बाढ़ में भारतीय आईटी पेशेवर की मौत

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 11:04 AM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 11:04 AM IST

(सीमा हाकू काचरू)

ह्यूस्टन, एक जुलाई (भाषा) अमेरिका के कंसास में अचानक आई बाढ़ में 33 वर्षीय एक भारतीय आईटी पेशेवर की गाड़ी बह गई और उसकी मौत हो गई। प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी।

वेंकटेश डोप्पलापुडी एच-1बी वीजा धारक थे और नेब्रास्का के ओमाहा में रह रहे थे। उनका शव रविवार को बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि वह कथित तौर पर शनिवार दोपहर ह्यूस्टन से उत्तर की ओर लौट रहे थे, तभी उनका वाहन दक्षिण-मध्य कंसास में भीषण तूफान के कारण अचानक आई बाढ़ की चपेट में आ गया। तूफान के कारण क्षेत्र में छह इंच से अधिक बारिश हुई थी।

इस घटना पर ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने दुख व्यक्त किया है और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम करने की बात कही है।

मिशन ने एक बयान में कहा, ‘महावाणिज्य दूतावास मृतक के परिवार और करीबी सहयोगियों के संपर्क में है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।’

समनर काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा कंसास के वेलिंगटन के पास साउथ ओलिवर रोड के 600 ब्लॉक में एक पुल के पास एक वाहन के पानी में डूबने और उसमें किसी के फंसे होने की सूचना दिए जाने के बाद आपातकालीन इकाइयां मौके पर पहुंचीं।

ह्यूस्टन स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने और पार्थिव शरीर को स्वदेश भेजने की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए कंसास राज्य के कानून प्रवर्तन अधिकारियों और परिवार के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर रहा है।

भाषा प्रचेता वैभव

वैभव